Lucknow News: आर्मी स्कूल में दोस्तों ने जूते से रगड़ा छात्र का चेहरा, गई आंखों की रोशनी

Lucknow News: लखनऊ के एक स्कूल में कक्षा पांच के एक छात्र के साथ हुई बर्बर मारपीट ने सभी को झकझोर दिया। स्कूल परिसर में सहपाठियों द्वारा हमले में छात्र की आंखों की रोशनी चली गई।

Lucknow News:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद चिंताजनक और संवेदनशील मामला सामने आया है। आर्मी पब्लिक स्कूल में पांचवीं कक्षा के छात्र को सहपाठियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर कैंट पुलिस ने सहपाठियों और स्कूल स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 21 जनवरी की है, जब स्कूल ग्राउंड में छात्र को लात-घूंसों और जूते से रगड़कर घायल किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप है।

पिटाई से छात्र की आंख की रोशनी गई

पीड़ित छात्र की मां ने इस संबंध में कैंट थाना में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, यह घटना 21 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल के खेल मैदान में हुई. महिला का आरोप है कि कक्षा पांच के एक अन्य सेक्शन के छात्र और कक्षा तीन के एक छात्र ने मिलकर उसके बेटे पर हमला किया.

शिकायत में बताया गया है कि दोनों छात्रों ने पहले बच्चे को जमीन पर गिराया और फिर जूते की एड़ी से उसकी आंखों और चेहरे को रगड़ा, जिससे उसकी आंखों को गंभीर चोट पहुंची. हमले के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी दृष्टि चली गई. परिजनों ने तत्काल उसे इलाज के लिए कमांड अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है.

सहपाठी व स्कूल स्टाफ पर मुकदमा

मामले को गंभीरता से न लेने पर उन्होंने कैंट थाने में जाकर सहपाठियों के साथ-साथ स्कूल के स्टाफ के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई। इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

वहीं, इस मामले में एसओ कैंट गुरप्रीत कौर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस बारे में स्कूल का पक्ष जानने के लिए उप प्रधानाचार्य साधना से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर कोई उत्तर नहीं दिया।

Back to top button