UP News: गोरखपुर में BJP नेता को मारी गोली, चार बदमाशों ने की फायरिंग

UP News: गोरखपुर में भाजपा नेता राधा मोहन सिंह को बदमाशों ने गोली मार दी है। दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। राधा मोहन सिंह हिंदू युवा वाहिनी से भी जुड़े रहे हैं। एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक भी हैं।

UP News: गोरखपुर में भाजपा नेता राधा मोहन सिंह को मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। आरएसएस कार्यक्रम से लौटते समय कैथवलिया बंधे पर हुई घटना में उनकी पीठ में गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि यह हमला उन युवकों ने किया है जिन्हें सिंह ने छात्राओं से छेड़खानी के मामले में जेल भिजवाया था। पुलिस ने चार टीमें गठित कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

लहूलुहान होकर सड़क पर गिरे

गगहा थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी राधा मोहन सिंह हिन्दू युवा वाहिनी से भी जुड़े थे। वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं। इसके साथ ही वह भैंसहा स्थित लीलावती देवी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और क्षेत्र में एक संभ्रांत व्यक्ति के रूप में उनकी पहचान है। जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार रात करीब नौ बजे गगहा से बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।

एक गोली उनकी पीठ में लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी राधा मोहन सिंह ने गगहा थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को दी। घायल नेता को पुलिस सीएचसी गगहा ले गई जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया।

सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह और एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। भाजपा नेता ने बताया कि अक्टूबर 2023 में उनके कालेज में पढ़ने वाली छात्राओं से मनबढ़ों ने छेड़खानी की थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों को जेल भेजा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी राज करन नय्यर ने बताया कि राधा मोहन सिंह ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Back to top button