UP News: चाइनीज मांझे से मौत हत्‍या मानी जाएगी, CM योगी ने द‍िए सख्‍त न‍िर्देश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को अब गंभीर अपराध माना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ किया है कि जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों में हत्या का केस दर्ज होगा। सरकार ने प्रदेशभर में सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से मौत को अब हत्या माना जाएगा। ऐसी मौत मामले में मर्डर का केस चलेगा। प्रदेश में लगातार हो रहे हादसों पर सीएम योगी ने सख्ती दिखाई है। इसके इस्तेमाल और बिक्री पर रोक को लेकर सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज़ मांझा कैसे उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे मांझे की बिक्री, भंडारण और सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मौत को माना जाएगा गंभीर अपराध

सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा जाए। अगर जांच में लापरवाही, अवैध बिक्री या जानबूझकर सप्लाई की बात सामने आती है, तो ऐसे मामलों में हत्या की धाराएं भी लगाई जा सकती हैं। इससे साफ है कि अब दोषियों के लिए बचने का रास्ता आसान नहीं होगा।

सरकार ने पुलिस और जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और सप्लाई करने वालों की पहचान की जाए। दुकानों, गोदामों और सप्लाई चेन पर छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि सिर्फ छोटे दुकानदार ही नहीं, बल्कि इसके पीछे काम कर रहे बड़े नेटवर्क तक पहुंचा जाए।

लखनऊ की घटना ने झकझोरा प्रशासन

4 फरवरी को लखनऊ में हुई एक दर्दनाक घटना ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया। बाइक से जा रहे एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़े और करीब दस मिनट तक तड़पते रहे। अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सिस्टम के लिए एक बड़ा सवाल बन गई।

ये भी पढ़े- कानपुर के इंजीनियरिंग कॉलेज में बवाल; छात्रों को बेल्ट और डंडों से पीटा…

जागरूकता पर भी सरकार का जोर

सरकार सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहती। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए हैं। लोगों को बताया जाएगा कि चाइनीज मांझा कितना खतरनाक है और इसके विकल्प क्या हो सकते हैं। खासतौर पर बच्चों और युवाओं को सुरक्षित पतंगबाजी के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

ये भी पढ़े- यूपी रोडवेज में बंपर भर्ती; होगी डायरेक्ट नियुक्ति, जानिए पूरी प्रक्रिया

Back to top button