कानपुर से दर्दनाक खबर, अस्पताल के वार्मर मशीन में जलकर नवजात की मौत

Kanpur News: कानपुर के एक निजी अस्पताल में नर्स की लापरवाही से नवजात बच्ची की मौत हो गई. वार्मर मशीन में आग लगने से मासूम की जान चली गई. ये घटना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

Kanpur News: कानपुर के बिठूर इलाके में स्थित राजा नर्सिंग होम में रविवार शाम अरुण निषाद की नवजात बच्ची की वार्मर मशीन में जलने से मौत हो गई. शालू नाम की महिला ने शाम करीब 4-5 बजे एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था. अस्पताल की नर्सों ने बच्ची को ठंड से बचाने के लिए उसे आईसीयू की वार्मर मशीन पर रखा था. नर्सिंग स्टाफ मशीन चलाकर उसकी निगरानी करना भूल गया, जिससे मशीन का तापमान अत्यधिक बढ़ गया. इस तकनीकी और मानवीय लापरवाही के कारण मासूम का शरीर काला पड़ गया और उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही ने ली बच्ची की जान

आरोप है कि वार्ड में मौजूद नर्स और स्टाफ ने मशीन की ठीक से निगरानी नहीं की. वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी. मासूम बच्ची पूरी तरह झुलस गई. जब तक परिजन कुछ समझ पाते और बच्ची को बाहर निकाला जाता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. बच्ची को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसने दम तोड़ दिया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका आरोप है कि अगर अस्पताल स्टाफ थोड़ी सी भी जिम्मेदारी निभाता, तो उनकी बच्ची आज जिंदा होती. उन्होंने इस घटना को सीधी लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या बताया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड को सील कर दिया गया. नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ये घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम के लिए चेतावनी है. सवाल यह है कि जब अस्पताल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर भी नवजात सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों का भरोसा आखिर किस पर टिकेगा?

Back to top button