Kanpur: लैम्बॉर्गिनी केस में आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, कोर्ट लेकर पहुंची पुलिस

Kanpur Lamborghini Crash: उत्तर प्रदेश में कानपुर के हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी टक्कर मामले में आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Kanpur Lamborghini Crash: कानपुर लैंबॉर्गिनी केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. यह वही हाई‑प्रोफाइल मामला है जिसमें 8 फरवरी को करोड़ों की कीमत वाली लैंबॉर्गिनी VIP रोड पर अनियंत्रित होकर कई लोगों को टक्कर मार गई थी. पुलिस की शुरुआती जांच और CCTV फुटेज ने संकेत दिया था कि गाड़ी शिवम मिश्रा ही चला रहा था, हालांकि उसका पक्ष लगातार यह दावा करता रहा कि कार ड्राइवर चला रहा था.

क्या है कानपुर का लैंबोर्गिनी हादसा

बात दें कि कानपुर में लैंबोर्गिनी कार लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क पर चलती रही और कई लोगों को चोटें आईं. यह मामला वीआईपी रोड के ग्वालटोली इलाके में 8-9 फरवरी 2026 को हुआ था. पुलिस के अनुसार लगभग 10 करोड़ की लैंबोर्गिनी तेज रफ्तार में चलती हुई वाहन और राहगीरों से टकराई, जिससे कम से कम छह लोग घायल हुए थे.

लैंबोर्गिनी कार तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की है. हादसे के बाद शुरुआत में पुलिस ने कार को थाने में लाकर ढकवा दिया था और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी. जिससे मामले को लेकर काफी सवाल खड़े हुए थे.

सीसीटीवी फुटेज आने के बाद मजबूत हुआ केस

मामला हाई प्रोफाइल होने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ा और जांच तेज की गई. सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो सामने आने के बाद साफ हुआ कि कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था. इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है. आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और आगे की कानूनी प्रक्रिया कानून के अनुसार पूरी की जाएगी. यह मामला अब कानून व्यवस्था, वीआईपी संस्कृति और जवाबदेही को लेकर भी बड़ा सवाल बन गया है.

Back to top button