Lucknow News: कैंट इलाके में मांझे से कटी बाइक सवार युवक की गर्दन, लगे 6 टांके

Lucknow News: लखनऊ में मांझे से घायल होने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। हाल ही में इंदिरानगर निवासी ध्रुव नारायण पांडेय की गर्दन मांझे से कट गई, जिसमें छह टांके लगे। एक सप्ताह पहले मो. शोएब की भी मांझे से मौत हुई थी।

Lucknow News: लखनऊ के कैंट इलाके में शुक्रवार को चाइनीज मांझे से एक और खतरनाक हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

छापेमारी का भी नहीं दिख रहा असर

शोएब की मौत के बाद पुलिस ने वृहद स्तर पर अभियान चलाकर जानलेवा मांझे की बिक्री, इस्तेमाल और परिवहन पर नकेल कसने के लिए कई इलाकों में छापेमारी की थी। मांझा लेकर जा रहे गोमती नगर विस्तार निवासी दो युवकों को जेल भी भेजा जा चुका है। इसके बावजूद मांझे पर लगाम नहीं लग पा रही है। यह घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा कर रही हैं।

इंदिरानगर निवासी ध्रुव नारायण पांडेय शुक्रवार को दोस्त के साथ बाइक से बंगला बाजार गए थे। कैंट इलाके में अचानक से उनके गले में धारदार मांझा आकर फंस गया। वह कुछ समझ पाते इसके पहले ही मांझे से गर्दन में गहरा घाव हो गया। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उनके गले में छह टांके लगाए गए।

ये भी पढ़े- बाराबंकी में दिनदहाड़े वकील की हत्या से सनसनी, पुलिस ने लखनऊ से 3 लड़कों को उठाया

ध्रुव ने पुलिस से मांझे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कैंट थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर ने बताया कि थाने पर घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी गई है। अगर तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़े- लखनऊ कोर्ट में बम की सूचना से हड़कंप… DCP की अगुवाई में घंटों चला सर्च ऑपरेशन

Back to top button