UP News: इन जिलों बनेंगे वर्किंग विमेन हॉस्टल, महिलाओं को मिलेगा सेफ और सस्ता आशियाना

UP News: योगी सरकार शहरी क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित और किफायती आवास हेतु छात्रावासों का निर्माण कर रही है। लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में बन रहे इन छात्रावासों से महिलाओं को लाभ मिलेगा।

UP News: उत्तर प्रदेश में कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा और आवास की समस्या को दूर करने के लिए योगी सरकार बड़ा कदम उठा रही है। राज्य के लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में आठ आधुनिक श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाए जा रहे हैं। इन हॉस्टलों के बनने से करीब 4,000 कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और किफायती आवास मिलेगा। भारत सरकार की एसएएससीआई योजना के तहत यह परियोजना महिला सशक्तीकरण और शहरी श्रमबल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

इस परियोजना को केंद्र सरकार की SASCI (Special Assistance to States for Capital Investment) योजना के तहत मंजूरी मिली है। करीब ₹381.56 करोड़ की लागत से बनने वाले इन छात्रावासों में प्रत्येक की क्षमता लगभग 500 महिलाओं की होगी।

महिलाओं के लिए सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं

सरकार के मुताबिक, इन हॉस्टलों में सुरक्षा और सुविधा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें आधुनिक रहने की व्यवस्था, बेसिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि शहरों में नौकरी करने वाली महिलाओं को रहने की परेशानी न हो।

योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की रोजगार भागीदारी बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित जीवन-परिस्थितियां देना है। ऐसे हॉस्टल खास तौर पर उन महिलाओं के लिए उपयोगी होंगे जो काम या प्रशिक्षण के लिए परिवार से दूर रहती हैं।

तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर भूमि चिन्हित कर दी गई है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ और गौतमबुद्धनगर में कुछ हॉस्टलों का निर्माण शुरू भी हो चुका है।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम

विशेषज्ञों का मानना है कि सुरक्षित आवास की सुविधा मिलने से महिलाओं के लिए बड़े शहरों में नौकरी और करियर के अवसर बढ़ेंगे। इससे शहरी अर्थव्यवस्था और महिला श्रमबल दोनों को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना न केवल महिलाओं को सुरक्षित छत देगी, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त समाज की दिशा में उत्तर प्रदेश का बड़ा कदम साबित हो सकती है।

Back to top button