Varanasi Air Show के दौरान पकड़ा गया फर्जी कैप्टन

Varanasi Air Show: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच खुद को भारतीय सेना का कैप्टन बताकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ा। नमो घाट स्थित हेलीपैड की ओर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक के सेना का अधिकारी होने का दावा करने की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई। पूछताछ और सत्यापन में युवक का दावा सही नहीं पाया गया।

 

इसके बाद पुलिस ने आरोपी अर्पित चतुर्वेदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामला 24 अक्टूबर का है। आदमपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक चंदन कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि वह हेड कांस्टेबल हृदयनारायण मौर्य और कांस्टेबल महबूब आलम के साथ एयर शो-2026 के मद्देनजर नमो घाट पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।

इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक नमो घाट स्थित हेलीपैड की तरफ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और खुद को सेना का अधिकारी बता रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना नाम कैप्टन अर्पित चतुर्वेदी बताया और खुद को सेना का अधिकारी बताते हुए पुलिस को जानकारी दी। हालांकि, सत्यापन के दौरान उसके सेना में कैप्टन होने की पुष्टि नहीं हुई।

जांच में उसकी पहचान अर्पित चतुर्वेदी के रूप में हुई, जो आजमगढ़ का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आदमपुर थाने में मुकदमा संख्या 0189/2026 दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 204 और 318(4) के तहत दर्ज किया गया है।

Back to top button