
लखनऊ में बड़ी चोरी… परिवार शादी में व्यस्त, नगदी व लाखों के जेवरात ले उड़े चोर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गुडम्बा थाना क्षेत्र के आदिलनगर वसुंधरा विहार से सामने आया है, जहां चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर नगदी और लाखों रुपए के जेवरात पार कर दिए। घटना उस समय हुई जब परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
शादी में गया था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार आदिलनगर वसुंधरा विहार निवासी देवेन्द्र सिंह 8 फरवरी की शाम अपने परिवार के साथ अपने भाई के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद पूरा परिवार वहीं रुक गया था। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर को निशाना बनाया।
सुबह लौटे तो टूटे मिले ताले
9 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे जब देवेन्द्र सिंह और उनका परिवार घर वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। यह देख परिवार के होश उड़ गए। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले तोड़े जा चुके थे।
अलमारी और लॉकर भी तोड़े
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने लोहे की अलमारियों और उनके लॉकरों को भी तोड़ दिया। घर में रखी नगदी और लाखों रुपए के जेवरात गायब मिले। चोरी की वारदात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला।
यह भी पढ़ें…
जटायु संरक्षण से लेकर फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी तक, गोरखपुर में विकास की नई रफ्तार…
पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
बढ़ती चोरी की घटनाओं से दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें…
नशे के खिलाफ STF की बड़ी सफलता… उड़ीसा से लखनऊ तक फैला ड्रग नेटवर्क बेनकाब
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोग सतर्क हो गए हैं और घरों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
यह भी पढ़ें…





