महाशिवरात्रि पर गोमती तट पर 5100 दीपों से सजा आस्था का संगम, टीम इंडिया की जीत के लिए हवन-पूजन

Lucknow News: पावन महाशिवरात्रि के अवसर पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में लखनऊ के पवित्र गोमती तट पर टीम इंडिया की जीत के लिए भव्य हवन, महाआरती एवं 5100 दीपों का दीपदान किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और श्रद्धालु तिरंगा एवं भगवा ध्वज के साथ एकत्र हुए। सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से राष्ट्र की विजय और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन का संकल्प लिया गया।

गोपाल राय ने कहा कि हमारी टीम इंडिया के जांबाज खिलाड़ी पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतर रहे हैं। देशवासियों की दुआएं और भगवान शिव का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि नकारात्मकता के अंत और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का पर्व है, और इस दिन की गई पूजा-अर्चना से विशेष कृपा प्राप्त होती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की जीत निश्चित है और यह विजय ऐतिहासिक होगी। कार्यक्रम में 21 ब्राह्मणों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और यज्ञ संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ के “माँ गोमती पुनर्जीवन मिशन” संकल्प का भी उल्लेख किया गया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि गोमती तट पर धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से न केवल राष्ट्रभक्ति बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।

हवन की पवित्र अग्नि और 5100 दीपों की दिव्य ज्योति से गोमती तट राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भारत की विजय और देश की समृद्धि की कामना की।

यह आयोजन धार्मिक आस्था, राष्ट्रप्रेम और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा, जिसमें आध्यात्मिकता और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Back to top button