CM योगी का 26 अक्टूबर को कानपुर दौरा, बिठूर में जनसभा से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम

CM Yogi Kanpur Visit: 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर बिठूर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, हेलीपैड और जनसभा स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण।

Kanpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को कानपुर के बिठूर का दौरा करेंगे। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर वह ऐतिहासिक महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी है। कार्यक्रम को देखते हुए शुक्रवार शाम जिला प्रशासन की टीम ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। वहीं, शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने हेलीपैड, जनसभा स्थल और महर्षि वाल्मीकि आश्रम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हेलीपैड से आश्रम तक सुरक्षा व्यवस्था की जांच
शनिवार को डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़े प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान वीवीआईपी सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

डीसीपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक पूनम सिरोही और एसडीएम सदर अनुभव सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें…

UP की अस्मिता पर अखिलेश का दांव! योगी को ‘घुसपैठिया’ कहने से उठे सवाल

बिठूर और बिल्हौर को मिल सकती हैं विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान बिठूर और बिल्हौर क्षेत्र में विकास कार्यों का शिलान्यास किए जाने की भी संभावना है। हालांकि, इन परियोजनाओं को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने का इंतजार है।

प्रशासन की ओर से जनसभा स्थल और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस विभाग भी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सतर्क है।

यह भी पढ़ें…

‘मेरा कत्ल कराना चाहते थे अखिलेश यादव’, संगीत सोम के दावे से सियासी भूचाल…

उपचुनाव के बाद CM योगी के दौरे पर सियासी चर्चा
मुख्यमंत्री के बिठूर दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। इसी महीने बिठूर क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।

हालांकि, दौरे के दौरान होने वाले विकास कार्यों के शिलान्यास और अन्य कार्यक्रमों की आधिकारिक जानकारी कार्यक्रम जारी होने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रशासन का जोर सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा की तैयारियां समय से पूरी करने पर है।

यह भी पढ़ें…

मीरा राठौर फांसी के तख़्त को बनाएंगीं अपना ठौर, DM से लगाई ‘जल्लाद’ बनने की गुहार

Back to top button