वाराणसी में बड़ा रेल हादसा; शिवगंगा एक्सप्रेस की 3 बोगियां पटरी से उतरीं…

Train Accident: वाराणसी में सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब शिवगंगा एक्सप्रेस की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली से वाराणसी पहुंची शिवगंगा एक्सप्रेस सुबह करीब 8:35 बजे बनारस रेलवे स्टेशन से वाशिंग लाइन की ओर यार्ड में जा रही थी। इसी दौरान मंडुआडीह फ्लाईओवर के नीचे डीएलडब्ल्यू रेल लाइन नंबर 10 पर ट्रेन की दो पीछे की और एक आगे की बोगी पटरी से उतर गईं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया, जिसके बाद अधिकारी और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे की तकनीकी टीम बोगियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाने और ट्रैक की मरम्मत में जुटी रही।

पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया:

“आज सुबह शिवगंगा एक्सप्रेस की तीन बोगियां ट्रैक से उतर गईं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रैक को जल्द ही सामान्य कर दिया जाएगा। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।”

जांच के आदेश

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है।

Back to top button