यूपी में CBSE परीक्षाएं शुरू, चेकिंग के लिए मेटल डिटेक्टर; नकलचियों पर पैनी नजर

CBSE Board Exam: यूपी में आज से Central Board of Secondary Education (CBSE) की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। मेरठ सहित प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा को पूरी तरह ‘नकल विहीन’ और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने सख्त व्यवस्थाएं लागू की हैं।

3-लेयर चेकिंग और मेटल डिटेक्टर से जांच

छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले तीन चरणों की सघन जांच से गुजरना पड़ रहा है। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से स्कैनिंग की जा रही है ताकि कोई भी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर न ले जाया जा सके। सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

एडमिट कार्ड और पारदर्शी किट अनिवार्य

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के लिए स्कूल द्वारा जारी आई-कार्ड और CBSE एडमिट कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। बिना वैध दस्तावेज के किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पेन और पेंसिल केवल पारदर्शी किट में ही ले जाने की अनुमति है। प्रत्येक कक्षा में CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनका सीधा लिंक कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है।

बाहरी स्टाफ के जिम्मे परीक्षा संचालन

निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शासन के निर्देश पर संबंधित स्कूलों के मूल स्टाफ को परीक्षा ड्यूटी से दूर रखा गया है। परीक्षा संचालन के लिए बाहरी शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

समय का रखें विशेष ध्यान

छात्रों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी, जबकि 10:00 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मेरठ के स्कूल सिटी कोऑर्डिनेटर सुधांशु शेखर ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों का अक्षरश: पालन करते हुए पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।

Back to top button