इटावा में बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, भाई की जगह परीक्षा देता युवक अरेस्ट…

UP Board Exam Fraud: इटावा जिले से बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल हिन्दी परीक्षा के दौरान एक युवक को अपने छोटे भाई की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस घटना से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया।

बकेवर क्षेत्र के परीक्षा केंद्र पर हुई कार्रवाई:

पूरा मामला इटावा के बकेवर क्षेत्र का है, जहां हाईस्कूल हिन्दी विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सिंह ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक परीक्षार्थी की पहचान संदिग्ध लगने पर उसके दस्तावेजों की जांच कराई गई।

जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

दस्तावेजों के मिलान में खुलासा हुआ कि परीक्षा दे रहा युवक असली छात्र नहीं था, बल्कि उसका बड़ा भाई अभिषेक था। वह अपने छोटे भाई अनुज की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। आरोपी अभिषेक बकेवर थाना क्षेत्र के निवाड़ी कला गांव का निवासी बताया गया है।

केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर पुलिस ने लिया एक्शन

मामले की पुष्टि होते ही केंद्र व्यवस्थापक बेनीराम पाल ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसके बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े: UP Board Exam 2026: 53 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल, CCTV और लाइव वेबकास्टिंग से नकल पर पहरा

संगठित गिरोह की आशंका, जांच जारी

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई संगठित गिरोह या नेटवर्क तो नहीं है। प्रशासन बोर्ड परीक्षाओं में नकल और प्रतिरूपण रोकने के लिए लगातार सख्ती बरत रहा है।

नकल रोकने की कार्रवाई को मिली बड़ी सफलता

प्रशासन की सतर्कता के चलते इस फर्जीवाड़े का खुलासा हो सका, जिसे परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button