AI समिट में हंगामा, टी-शर्ट उतारकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, कई हिरासत में…

AI Impact Summit 2026: राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित AI Impact Summit 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शनी हॉल के अंदर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और टी-शर्ट उतारकर विरोध जताया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।


QR कोड से एंट्री लेकर हॉल के अंदर पहुंचे प्रदर्शनकारी

पुलिस के अनुसार, करीब 10 कार्यकर्ताओं ने QR कोड के जरिए समिट में प्रवेश किया और हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए विरोध शुरू किया। प्रदर्शनकारियों के पास सफेद टी-शर्ट थीं, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों के साथ ‘India-US Trade Deal’ और ‘PM is compromised’ जैसे नारे लिखे थे।

हिरासत में लिए गए लोगों में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार और राष्ट्रीय समन्वयक नरसिम्हा यादव शामिल हैं।


युवा कांग्रेस का आरोप: देशहित से समझौता स्वीकार नहीं

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि यह विरोध देश के युवाओं की आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों और आम जनता के हित प्रभावित होंगे और इससे केवल अमेरिका को फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध अधिकार है और युवा कांग्रेस देशहित के मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी। इस मुद्दे को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद में भी उठाया था।


भाजपा ने बताया देश की छवि खराब करने वाला प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह विरोध भारत की उपलब्धियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि AI Summit की वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है और इसमें इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि, सैम ऑल्टमैन, सुंदर पिचाई और शशि थरूर जैसे प्रमुख लोग शामिल हुए हैं और इसकी सराहना की है।

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी इस प्रदर्शन को शर्मनाक बताते हुए कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने इस तरह का विरोध देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है।


समिट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

AI Impact Summit जैसे हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों के अंदर पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि प्रदर्शनकारियों को प्रवेश कैसे मिला और क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई चूक हुई थी।

Back to top button