CM Yogi का दावा …यूपी बना स्टार्टअप हब, पहले था कट्टा-बम का कल्चर

UP Budget Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की आर्थिक प्रगति, निवेश, रोजगार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को लेकर बड़ा दावा किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला भी बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है, जबकि पहले यह ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी में गिना जाता था।

यूपी को मिला 50 लाख से अधिक निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेशों के माध्यम से युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के युवा रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाते थे, लेकिन अब स्थिति बदल रही है।
योगी ने दावा किया कि कई राज्यों में अब श्रमिकों की कमी की समस्या देखने को मिल रही है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

पर्यटन से मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भय और कानून-व्यवस्था की खराब छवि के कारण पर्यटक उत्तर प्रदेश आने से कतराते थे। लेकिन अब अयोध्या और काशी जैसे धार्मिक स्थलों पर करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

यह भी पढ़ें…

UP News: प्रसव पीड़ा से परेशान महिला ने खोया आपा; चाकू से फाड़ा पेट…

हर जिले में बनेगा इंप्लायमेंट जोन
सरकार की नई योजना का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि हर जिले में सरदार पटेल के नाम पर एक ‘इंप्लायमेंट जोन’ बनाया जाएगा। यहां युवाओं को कौशल विकास से लेकर रोजगार दिलाने तक की पूरी व्यवस्था एक ही स्थान पर होगी।
उन्होंने बताया कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ के बाद अब ‘एक जिला एक व्यंजन’ योजना को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पाद और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

100 नई टाउनशिप बनाने की तैयारी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में 100 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इसके लिए हर जिले में लैंड बैंक बनाया जाएगा, जिससे शहरीकरण और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

स्टार्टअप पर सपा पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं और इनमें से लगभग आधे महिलाओं के नेतृत्व में हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के समय स्टार्टअप का मतलब कट्टा और बम बनाना था, जबकि आज प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता का माहौल है।

यह भी पढ़ें…

दिल्ली हाई कोर्ट का सख्त आदेश… जयदीप सेंगर को तत्काल आत्मसमर्पण करने का निर्देश

विश्वविद्यालयों में बढ़ा रिसर्च और पेटेंट
उन्होंने बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों द्वारा 5000 से अधिक पेटेंट दाखिल किए गए हैं, जिनमें से 300 से ज्यादा स्वीकृत भी हो चुके हैं। सरकार निजी और विदेशी विश्वविद्यालयों को भी बढ़ावा दे रही है ताकि शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़े और युवाओं को बेहतर अवसर मिलें।

शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए घोषणा
मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए मानदेय बढ़ाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अप्रैल से शिक्षामित्रों को 18 हजार और अनुदेशकों को 17 हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा जिन क्षेत्रों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नहीं हैं, वहां नए विद्यालय खोले जाएंगे। इसके लिए बजट में 580 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें…

नेता प्रतिपक्ष की चुटकी पर मुस्कुराए मुख्यमंत्री… सदन में दिखा खुशनुमा माहौल

विपक्ष पर निशाना, सरकार के कामकाज का बचाव
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कानून-व्यवस्था, निवेश, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं। उन्होंने विपक्ष से भी सकारात्मक राजनीति करने और प्रदेश के विकास में सहयोग देने की अपील की।

बजट सत्र के अंतिम दिन सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बहस से ही नीतियों में सुधार और जनता का हित सुनिश्चित होता है।

यह भी पढ़ें…

कानूनी प्रक्रिया के बाद मानवीय पहल… राहुल गांधी ने दिवंगत मोची के परिवार से की मुलाकात

Back to top button