
IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने खेला बड़ा दांव, इस दिग्गज को बनाया बैटिंग कोच
Gujarat Titans Batting Coach IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। इससे पहले गुजरात टाइटंस ने अपने नए बैटिंग कोच का ऐलान कर दिया है।
Gujarat Titans Batting Coach IPL 2026: टी20 वर्ल्ड कप की समाप्ति के बाद दुनियाभर के क्रिकेट फैंस आईपीएल 2026 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. 28 मार्च से मेगा इवेंट का आगाज होने वाला है. मंगलवार को 2022 की चैंपियन टीम गुजरात टाइटंस ने आगामी सीजन के लिए अपने नए बैटिंग कोच का ऐलान किया. शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम को अब एमएस धोनी के पुराने साथी का साथ मिलने वाला है. जी हां, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन (Matthew Hayden) की, जिन्हें गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के लिए बतौर बैटिंग कोच नियुक्त किया है.
मैथ्यू हेडन बने बैटिंग कोच
गुजरात ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को बतौर बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। मैथ्यू हेडन इससे पहले पाकिस्तानी टीम के साथ भी जुड़े रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान वे पाक टीम के कोच और मेंटर थे। हेडन से पहले गुजरात के लिए यह ज़िम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के ही मैथ्यू वेड संभाल रहे थे।
डायरेक्टर विक्रम सोलंकी का बयान
गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा, ‘‘मैथ्यू की नियुक्ति हमारे सफर के महत्वपूर्ण मोड़ पर की गई है. शीर्ष स्तर पर उनका अनुभव और उभरती प्रतिभाओं को मार्गदर्शन देने की उनकी क्षमता आगामी सत्र में हमारे लिए महत्वपूर्ण साबित होगा.” हेडन ने कहा, ‘‘अच्छी बल्लेबाजी दबाव बनाती है. शानदार बल्लेबाजी खेल पर अपना दबदबा बनाती है. गुजरात टाइटन्स में हम यही मानक स्थापित करना चाहते हैं.”
मैथ्यू हेडन का IPL करियर
मैथ्यू हेडन की बात करें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अलग-अलग फॉर्मेट में कुल 273 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 15000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने कई आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेट पर टिके रहने की क्षमता ने उन्हें उनके दौर के शीर्ष बल्लेबाजों में से एक बनाया। उन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट में पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी को एक नई ऊंचाई दी।
मैथ्यू हेडन आईपीएल में बतौर खिलाड़ी भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से 32 मैच खेला था जिसमें 8 अर्धशतकों के साथ उन्होंने 1107 रन बनाए हैं।





