
लखनऊ में तेज रफ्तार का कहर… नमकीन फैक्ट्री से लौट रही युवती की मौत
Lucknow News: लखनऊ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नमकीन फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा रहीमाबाद थाना क्षेत्र में हाईवे ढाबा के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक मलिहाबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव निवासी 34 वर्षीय पारुल अपनी सहेली सावित्री के साथ स्कूटी से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। दोनों एक नमकीन फैक्ट्री में काम करती थीं और रोज की तरह देर रात ड्यूटी खत्म होने के बाद स्कूटी से घर जा रही थीं।
रॉन्ग साइड से आए वाहन ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि जब दोनों हाईवे ढाबा के पास पहुंचीं, तभी रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात दोपहिया वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान पारुल की हालत गंभीर बनी रही और डॉक्टरों ने कुछ ही देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी सहेली सावित्री को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का कहना है कि पारुल घर की जिम्मेदारियां संभालने के लिए मेहनत कर रही थीं, लेकिन एक लापरवाह चालक की वजह से उनकी जिंदगी खत्म हो गई।





