
मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच नॉर्थ कोरिया ने दागी बैलेस्टिक मिसाइल, क्या छिड़ गई एक और जंग?
North Korea War: मध्य पूर्व में युद्ध की गरमाहट के बीच उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइल दाग दी है. यह कदम अमेरिका-दक्षिण कोरिया के ‘फ्रीडम शील्ड‘ सैन्य अभ्यास के दौरान उठाया गया है।
North Korea War: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन मिसाइलों और रॉकेट परीक्षणों के लिए दुनिया भर में कुख्यात हैं। उत्तर कोरिया आए दिन ऐसी तमाम बैलिस्टिक मिसाइलें, रॉकेट और प्रोजेक्टाइलों के परीक्षण से पड़ोसी दक्षिण कोरिया और जापान से लेकर अमेरिका तक को टेंशन देता रहता है। इस बार उत्तर कोरिया ने एक बार फिर जापान की ओर प्रोजेक्टाइल दागकर तनाव बड़ा दिया है। इस घटना के बाद जापान में इमरजेंसी अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
उत्तर कोरिया के संदिग्ध प्रोजेक्टाइल से हड़कंप
दक्षिण कोरिया की सेना ने शनिवार को कहा कि उसने उत्तर कोरिया द्वारा अपने पूर्वी समुद्र की ओर कम से कम एक प्रोजेक्टाइल दागे जाने का पता लगाया है। दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने तुरंत यह नहीं बताया कि हथियार बैलिस्टिक था या यह कितनी दूर तक उड़ा।
जापान के प्रधानमंत्री ने जारी किए सुरक्षा निर्देश
जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को इमरजेंसी अलर्ट जारी करते हुए बताया कि उत्तर कोरिया ने एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपित की है। इसके कुछ घंटे बाद प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने दोपहर 1:30 बजे विशेष निर्देश जारी किए। प्रधानमंत्री के निर्देशों में तीन प्रमुख बिंदु शामिल हैं। सूचना संग्रह और विश्लेषण में अधिकतम प्रयास करें साथ ही जनता को समय पर और उचित तरीके से जानकारी उपलब्ध कराएं। विमानों, जहाजों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। आकस्मिक स्थिति के लिए तैयार रहते हुए सभी संभव सावधानी बरतें।
[Emergency alert]
North Korea has launched a suspected ballistic missile. More updates to follow.— PM’s Office of Japan (@JPN_PMO) March 14, 2026
साउथ कोरिया और अमेरिका अभ्यास के बीच मिसाइल लॉन्च
नॉर्थ कोरिया कि ओर से ये लॉन्च ऐसे समय में हुआ, जब साउथ कोरिया और अमेरिका ने सोमवार को अपना सालाना ‘फ्रीडम शील्ड’ अभ्यास शुरू किया, जो 11 दिनों तक चलेगा. उत्तर कोरिया लंबे समय से इन सहयोगी देशों के संयुक्त सैन्य अभ्यासों की आलोचना करता रहा है और इन्हें हमले की तैयारी बताता रहा है. हालांकि, सियोल और वॉशिंगटन का कहना है कि ये अभ्यास पूरी तरह से रक्षात्मक हैं.
इस हफ़्ते की शुरुआत में, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन की प्रभावशाली बहन किम यो-जोंग ने चल रहे इन सैन्य अभ्यासों की निंदा की और अकल्पनीय रूप से भयानक परिणामों की चेतावनी दी थी.
दक्षिण कोरिया ने भी जारी किया अलर्ट
जापान के साथ ही साथ दक्षिण कोरिया में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर कोरिया लंबे समय से अमेरिका-दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों को बहाना बनाकर हथियार परीक्षण करता रहा है। यह मिसाइल लॉन्च क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकता है। जापान सरकार ने नागरिकों से सतर्क रहने और आधिकारिक अपडेट का इंतजार करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय लगातार अपडेट दे रहा है। फिलहाल कोई नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं।





