UP News: गोरखपुर में सुबह ही तड़तड़ाईं गोलियां, चौहान समाज के नेता राजकुमार की हत्या

Gorakhpur News: गोरखपुर के बरगदवा में मॉर्निंग वॉक पर निकले चौहान समाज के नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर से 300 मीटर दूर बगीचे में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

Gorakhpur News: गोरखपुर में मंगलवार को अलसुबह ही गोलियां तड़तड़ाईं हैं। हौसला बुलंद अपराधियों ने शहर के बरगदवा इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रॉपर्टी डीलर और चौहान समाज के प्रदेश स्तरीय नेता राजकुमार चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। इलाके में वारदात के बाद सनसनी फैल गई। राजकुमार अगले विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी भी कर रहे थे। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। आला अधिकारियों के साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई गई और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बेखौफ हमलावार मौत होने तक मौजूद रहे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। पहले उनके सिर में गोली मारी गई, इसके बाद सीने में चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार चौहान कुछ दूर तक जान बचाने के लिए भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि हमलावर कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे और उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद फरार हो गए।

ये भी पढ़े- फैशन डिजाइनर की मौत के पीछे क्या है सच? आरोपी सिपाही का मोबाइल खोलेगा कई राज

पुरानी रंजिश या व्यापारिक विवाद?

पुलिस इस हत्याकांड को प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। चूंकि राजकुमार चौहान चौहान समाज के बड़े नेता थे, इसलिए पुलिस राजनीतिक पहलुओं की भी जांच कर रही है। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर बाइक पर सवार थे और उन्हें राजकुमार के आने-जाने के समय की सटीक जानकारी थी।

ये भी पढ़े-लखनऊ की सड़कों पर बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी, 17 वर्षीय छात्र की मौत

मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे परिजन

यह भी जानकारी सामने आई है कि बदमाश अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़े- UP News: प्रेमी के संग होटल में रंगरेलिया मना रही थी पत्नी, पुलिस लेकर पहुंचा पति…

पुलिस को नाकेबंदी, भारी फोर्स तैनात

सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकेबंदी की, गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और अन्य पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button