
Instagram पर ऑनलाइन फ्रॉड का ‘महाजाल’, शानदार ऑफर दिखाकर उड़ाए करोड़ों
UP News: बागपत पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए कपड़े बेचने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के 10 आरोपी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं।
UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत से साइबर ठगी का ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने पूरे देश में फैले ऑनलाइन फ्रॉड के जाल की परतें खोल दी हैं. यह शातिर गिरोह Instagram और Facebook पर कपड़ों के आकर्षक विज्ञापन डालता था. सस्ते और ब्रांडेड कपड़ों का लालच देकर लोगों को क्लिक करने पर मजबूर किया जाता. जैसे ही कोई ग्राहक इनके झांसे में आता उसे पेमेंट, ऑफर या ऑर्डर कन्फर्मेशन के नाम पर ठग लिया जाता. मामले का खुलासा तब हुआ जब बागपत निवासी अंकुश पुत्र सहदेव से 1 लाख 42 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
शानदार ऑफर दिखाकर ऑनलाइन फ्रॉड
इसमें सोशल मीडिया पर सस्ते दाम और शानदार ऑफर दिखाकर लोगों को झांसे में लिया जाता, और जैसे ही ग्राहक ऑर्डर या पेमेंट करता- उसका पैसा गायब. इतना ही नहीं, ठग ऑनलाइन गेमिंग, स्क्रीन शेयरिंग और फर्जी लिंक के जरिए भी लोगों के बैंक अकाउंट तक पहुंच बना लेते थे और देखते ही देखते खाते खाली कर देते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि इस गैंग ने एक कमरे में पूरा फर्जी कॉल सेंटर बना रखा था. यहीं से बैठकर ये शातिर देशभर में कॉलिंग करते थे।
व्हाट्सएप के जरिए संपर्क
पहले व्हाट्सएप के जरिए संपर्क फिर VPN के माध्यम से विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर कॉल करके लोगों को भरोसे में लिया जाता था और फिर दिया जाता था ठगी को अंजाम. वहीं गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपी हावडा (कोलकाता) के रहने वाले हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें से अधिकतर सिर्फ 12वीं पास हैं, लेकिन साइबर ठगी के इतने शातिर तरीके अपनाते थे कि बड़े-बड़े लोग भी इनके जाल में फंस जाते थे.
अब तक 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी
बागपत एसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक, यह गिरोह अब तक 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुका है. देश का शायद ही कोई राज्य बचा हो जहां इन्होंने शिकार न किया हो. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बागपत के सरूरपुर गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर इस गैंग का भंडाफोड़ किया.
भारी मात्रा में उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं जिनमे 19 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 21 एटीएम कार्ड कई कंपनियों के वाईफाई डिवाइस, हेडफोन और अन्य डिजिटल उपकरण अहम दस्तावेज है. ये सभी सामान इस बात का सबूत हैं कि ठगी का नेटवर्क कितना संगठित और प्रोफेशनल था. इस बड़े खुलासे के बाद एसपी सूरज राय ने पूरी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. बागपत के सरूरपुर गांव के एक शख्स ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसके चलते ये गिरोह पकड़ा गया. ये लोग अभी तक 4 करोड़ से ज़्यादा की ठगी कर चुके हैं.





