UP News: प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, शिष्यों ने किया भव्य स्वागत

President Meets Premanand Maharaj: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन प्रवास के दौरान संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इससे पहले उन्होंने इस्कॉन और प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

President Meets Premanand Maharaj: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह संत प्रेमानंद से मुलाकात कर उनसे आध्यात्मिक चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार (19 मार्च 2026) को अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद वह मथुरा पहुंचीं जहां उन्होंने मंदिरों में पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति का यह दौरा पूरी तरह आध्यात्मिकता और शांति के संदेश से ओतप्रोत रहा। खराब मौसम और तेज बारिश के बावजूद उनकी श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखी, जिसकी ब्रज के संतों ने सराहना की है।

सरलता और श्रद्धा का संगम

भेंट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सादगी और प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा स्पष्ट दिखाई दी। प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को श्रीराधा नाम की महिमा और निस्वार्थ कर्म के महत्व के बारे में बताया। प्रेमानंद महाराज, जो अपने प्रखर विचारों और ‘राधा वल्लभ’ संप्रदाय की भक्ति परंपरा के लिए विश्वभर में जाने जाते हैं, ने राष्ट्रपति को मंगलमय जीवन और राष्ट्र की प्रगति के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

प्रेमानंद जी महाराज से खास बातचीत

राष्ट्रपति मुर्मू और प्रेमानंद महाराज जी के बीच एकांत में चर्चा भी हुई। इस दौरान खासतौर पर समाज सेवा, जनकल्याण जैसे जरूरी मुद्दों पर बातचीत हुई। राष्ट्रपति ने महाराज जी के सादा-सरल जीवन और उनके आध्यात्मिक विचारों की सराहना की।

वृंदावन के सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की ख्याति और उनके आध्यात्मिक विचारों का प्रभाव इतना गहरा है कि देश-दुनिया की कई दिग्गज हस्तियां उनके दर्शन के लिए ‘राधा केलि कुंज’ आश्रम पहुंच चुकी हैं। इनमें खेल, सिनेमा, राजनीति और अन्य क्षेत्रों के कई बड़े चेहरे शामिल हैं।

प्रेम मंदिर में लेजर शो और संकीर्तन

वृंदावन यात्रा के अगले चरण में राष्ट्रपति ‘प्रेम मंदिर’ पहुँचीं। यहां मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत किया और श्री राधा-कृष्ण के युगल विग्रह के विशेष दर्शन कराए। राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में आयोजित भव्य लेजर शो का भी अवलोकन किया। दर्शन के दौरान संकीर्तन मंडली के 51 आश्रमवासियों द्वारा गाई गई आरती और भजनों ने माहौल को दिव्य बना दिया। मंदिर प्रशासन की ओर से महामहिम को आध्यात्मिक ग्रंथ और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

Back to top button