
प्रयागराज में बड़ा हादसा: कोल्ड स्टोरेज ढहा, मलबे में दबे कई मजदूर, अमोनिया गैस से मचा हड़कंप
Prayagraj Cold Storage Collapsed: प्रयागराज में एक कोल्ड स्टोरेज की बिल्डिंग ढहने से बड़ा हादसा हो गया है। कोल्ड स्टोरेज सपा के पूर्व विधायक का बताया जा रहा है। बिल्डिंग के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
Prayagraj Cold Storage Collapsed: प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को हुए हादसे की खबर से हर किसी दिल दहल उठा। घटना कोल्ड स्टोरेज की है। इसके अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। रोज की तरह लंच का समय हुआ तो सभी खाना खाने के लिए जाने लगे। इसी दौरान कोल्ड स्टोरेज के अंदर का जर्जर छज्जा गिर गया। जिससे अमोनिया गैस का पाइप फट गया। पाइप फटते ही तेज धमाका हुआ और कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिर गई। जिसके नीचे कई मजदूर दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही सभी टीमें हुईं एक्टिव
इस घटना को लेकर अधिकारी ने बताया कि अभी राहत और बचाव कार्य चल रहा है, जैसे ही राहत और बचाव कार्य पूरा होगा हम लोग अपडेट कर देंगे. उन्होंने बताया कि ये घटना करीब 2 बजे की है और जैसे ही घटना की सूचना मिली तो हमारी सभी टीमें एक्टिव हो गईं. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को भी सूचित किया गया, सभी लोग राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं.
घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा
अधिकारी ने कहा कि लगभग 6 लोगों को अस्पताल भेजा गया, घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है. इस घटना में मृतक की कोई स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है, हादसा कैसे हुआ यह जांच में पता चलेगा. प्रयागराज हादसे के बाद अमोनिया के रिसाव से करीब 1 किलोमीटर तक के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ सहित एनडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं।
अमोनिया गैस के रिसाव की वजह से हालांकि रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। जेसीबी लगाकर मलबे को हटाया जा रहा है। वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। कोल्ड स्टोरेज में अधिकांश मजदूर बिहार के सासाराम के रहने वाले हैं।





