
IGI एयरपोर्ट पर इंडिगो ‘फुल इमरजेंसी’ लैंडिंग, मौत को छूकर निकले 161 यात्री
Delhi IGI Airport: विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट के इंजन फेल होने की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी। अब फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड हो गई है।
Delhi IGI Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. दिल्ली एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई. फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिलने के बाद मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गई. सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी नुकसान की खबर नहीं है। फायर सर्विस डिपार्टमेंट ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। फायर डिपार्टमेंट को सुबह 10:53 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिली थी और तुरंत फायर टेंडेर भेज गए. फ्लाइट सुरक्षित लैंड हुई.
एयरपोर्ट पहुंचने से पहले इंजन में खराबी
एयरपोर्ट सोर्सेज के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की यह फ्लाइट 6E 579 विशाखापत्तनम से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के लिए शेड्यूल्ड थी. आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचने से पहले इस प्लेन के एक इंजन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर आपात स्थिति की सूचना दी थी. उन्होंने बताया कि सुबह 10:39 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई.
प्लेन में सवार थे 161 यात्री, सभी सुरक्षित
यह प्लेन B737-800 था, जिसमें कुल 161 लोग सवार थे. प्लेन में करीब 6.4 घंटे का फ्यूल मौजूद था और इसकी अनुमानित लैंडिंग टाइम 10:52 बजे तय की गई थी. इमरजेंसी घोषित होते ही एयरपोर्ट पर मौजूद सभी सुरक्षा और रेस्क्यू एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (ARFF) टीम को तुरंत एयरसाइड पर तैनात कर दिया गया.
एटीसी ने तत्काल रनवे 28 को इस इमरजेंसी लैंडिंग के लिए खाली कराया और प्लेन को प्रॉयोरिटी देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. प्लेन की लैंडिंग के बाद पार्किंग के लिए स्टैंड 137 पर ले जाया गया. आपको बता दें कि इस इमरजेंसी लैंडिंग की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट से टेकऑफ और लैंड होने वाली फ्लाइट्स को कुछ समय के लिए होल्ड कर दिया गया. इसकी वजह से अन्य उड़ानों की मूवमेंट पर भी अस्थायी असर पड़ा है.





