
Stock Market Today: बाजार खुलते ही 5 लाख करोड़ स्वाहा, निफ्टी और सेंसेक्स लुढ़के
Stock Market Today: शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स (Bse Sensex) और एनएससी निफ्टी (Nse Nifty) आज लाल निशान पर खुले। बैंक निफ्टी इंडेक्स 2% से अधिक गिर गया, इसके सभी शेयर भारी नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे।
Stock Market Today 30 March 2026: ईरान पर ताजा हमलों के बीच आज घरेलू शेयर बाजार ने फिर बड़ी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। सोमवार को बाजार के दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगभग 1.25 प्रतिशत टूटकर खुले। हफ्ते के पहले दिन, आज बीएसई सेंसेक्स 1018.00 अंकों (1.38%) की भयावह गिरावट के साथ 72,565.22 अंकों पर खुला। इसी तरह, एनएसई के निफ्टी 50 इंडेक्स ने भी 269.95 अंकों (1.18%) के भारी नुकसान के साथ 22,549.65 अंकों पर कारोबार शुरू किया।
बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे। शुक्रवार को सेंसेक्स 1690.23 अंकों (2.25%) के नुकसान के साथ 73,583.22 अंकों पर और निफ्टी 486.85 अंकों (2.09%) की भारी गिरावट के साथ 22,819.60 अंकों पर बंद हुआ था।
5 लाख करोड़ साफ
शेयर बाजार में जारी चौतरफा गिरावट के चलते ओपनिंग सत्र में ही बाजार से करीब 5 लाख करोड़ की वैल्यू साफ हो गई है। शुक्रवार को क्लोजिंग के समय भारतीय बाजार में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 4,21,62,095.72 रुपये था, जो सोमवार 30 मार्च को बाजार खुलते ही 41675217.96 से नीचे चला गया। इस तरह शुरुआती कुछ मिनटों में ही 5 लाख करोड़ साफ हो गए।
एशियाई बाजार
पश्चिमी एशिया में तनाव के 5वें सप्ताह में प्रवेश करने के कारण सोमवार सुबह एशियाई सूचकांक गिरावट के साथ खुले। जापान का निक्केई 225 3.97% गिरा, जबकि टॉपिक्स 3.9% नीचे रहा। बेंचमार्क कोस्पी 5% से अधिक गिर गया, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक 3.97% नीचे रहा। हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स 24,630 पर था, जो बेंचमार्क के पिछले बंद भाव 24,951.88 से कम था।
वॉल स्ट्रीट में भी लगातार गिरावट
अमेरिकी बाजारों में भी दबाव बना हुआ है और लगातार पांचवें हफ्ते गिरावट दर्ज हुई है। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 793.47 अंक या 1.73% गिरकर 45,166.64 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 108.31 अंक या 1.67% गिरकर 6,368.85 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 459.72 अंक या 2.15% की गिरावट के साथ 20,948.36 पर बंद हुआ।टेक शेयरों जैसे एनवीडिया, अमेजन, मेटा और टेस्ला में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिससे सेंटीमेंट और कमजोर हुआ।
अमेरिका-ईरान युद्ध अब और गंभीर होता जा रहा है। यमन के हौथी विद्रोहियों की एंट्री से तनाव बढ़ गया है। इससे होर्मुज स्ट्रेट और ग्लोबल सप्लाई चेन पर खतरा मंडरा रहा है।





