
संघर्ष से सफलता तक; लखनऊ की अनामिका बाजपेई ने UPPCS में मारी बाज़ी
Lucknow News: लखनऊ की अनामिका वाजपेई ने UPPCS में 14वीं रैंक प्राप्त किया है। अनामिका वाजपेई को असिस्टेंट कमिश्नर कामर्शियल टैक्स (ACCT) विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की होनहार बेटी अनामिका बाजपेई ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 14वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उन्हें असिस्टेंट कमिश्नर कमर्शियल टैक्स (ACCT) पद की जिम्मेदारी मिली है। उनकी सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
साधारण परिवार से असाधारण उपलब्धि
त्रिवेणी नगर, सीतापुर रोड निवासी अनामिका का मूल निवास बख्शी का तालाब (BKT) क्षेत्र के अमानीगंज में है। उनके पिता कपिल बाजपेई भारतीय रेलवे में केबिन मैन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा अनामिका को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। अनामिका की प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ में ही हुई। इसके बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से पीएचडी की और पिछले कई वर्षों से पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
चुनौतियों के बीच नहीं छोड़ा लक्ष्य
अनामिका बताती हैं कि तैयारी के दौरान कई बार कठिन परिस्थितियां आईं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा,
“तैयारी के दौरान उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और आप उस पर अडिग रहें, तो सफलता जरूर मिलती है। मैंने हर असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ना जारी रखा।”
माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
अपनी उपलब्धि का श्रेय अनामिका ने अपने माता-पिता को दिया। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और विश्वास ने ही उन्हें लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि निरंतरता, धैर्य और लक्ष्य पर फोकस ही सफलता की कुंजी है। “अगर आपके अंदर कुछ कर दिखाने का जज्बा है, तो कोई भी बाधा आपको रोक नहीं सकती। लक्ष्य पर डटे रहेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी।” अनामिका की इस उपलब्धि से त्रिवेणी नगर समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।





