
लखनऊ में CM हेल्पलाइन कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन और शोषण के आरोप
CM Helpline Employees Protest: लखनऊ में सीएम हेल्पलाइन कर्मचारियों ने शोषण और वेतन विवाद को लेकर प्रदर्शन किया। 200 से अधिक कर्मचारी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच कर गए।
CM Helpline Employees Protest: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को CM हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों ने वेतन विवाद और कथित शोषण को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब 200 से अधिक कर्मचारी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच कर गए। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
सुबह की शिफ्ट से शुरू हुआ विरोध
जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुआ। सुबह की शिफ्ट के कर्मचारी एकजुट होकर लोहिया पथ के रास्ते मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। देखते ही देखते कर्मचारियों की संख्या बढ़ती गई और वे ‘1076 हाय-हाय’ तथा ‘शोषण बंद करो’ जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। विरोध प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
कई बार रोकने की कोशिश, आगे बढ़ते रहे कर्मचारी
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई बार प्रयास किए। लोहिया पार्क पहुंचने से पहले पुलिस ने चार बार कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हर बार वे आगे बढ़ने में सफल रहे। इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। संगीत नाटक अकादमी के पास बैरिकेडिंग कर कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की गई।
बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश पर पुलिस की सख्ती
बताया जा रहा है कि बैरिकेडिंग के बावजूद जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बल प्रयोग किया। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों को पकड़कर सड़क किनारे हटाया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को घसीटकर हटाने की भी सूचना है, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
धक्का-मुक्की की स्थिति
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए संयम बरता और किसी बड़े टकराव से बचने की कोशिश की।
फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कर्मचारियों की मांगों को लेकर अधिकारियों से बातचीत की संभावना भी जताई जा रही है।





