दिल्ली में हेल्थ से खिलवाड़! हजारों फर्जी टूथपेस्ट ट्यूब के साथ फैक्ट्री सील…

Delhi News: दिल्ली में पुलिस ने नकली टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है. छापेमारी में हजारों ट्यूब, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद हुई हैं. फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Delhi News: दिल्ली में नकली सामान बनाने वाले गिरोह के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. कंझावला इलाके में चल रही एक फैक्ट्री पर छापा मारकर पुलिस ने नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने का भंडाफोड़ किया. इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, मशीनें और कच्चा माल बरामद किया गया है. पुलिस की इस रेड के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

असली जैसा दिखता था टूथपेस्ट

जांच में पता चला कि आरोपी सस्ते और निम्न स्तर के केमिकल्स से टूथपेस्ट बनाते थे, जिसे बिना किसी गुणवत्ता जांच के सीधे ट्यूब में भर दिया जाता था. इसके बाद मशीनों की मदद से ट्यूब को सील कर दिया जाता और उन्हें Sensodyne के नाम वाले डिब्बों में पैक कर बाजार में सप्लाई कर दिया जाता था. यह नकली उत्पाद देखने में बिल्कुल असली जैसा लगता था, जिससे कस्टमर आसानी से धोखा खा जाते थे।

3 हजार भरे हुए नकली टूथपेस्ट ट्यूब मिले

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 3 हजार भरे हुए नकली टूथपेस्ट ट्यूब, 10 हजार से अधिक खाली ट्यूब, बड़ी मात्रा में पैकिंग बॉक्स, रैपर, कैप, गोंद और अन्य सामग्री बरामद की. इसके अलावा लगभग 130 किलो नकली टूथपेस्ट ड्रम में भरा हुआ मिला. गोदाम में टूथपेस्ट भरने, सील करने और पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी जब्त की गई हैं.

फैक्ट्री मालिक अरेस्ट

इस मामले में पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक हरिओम मिश्रा (58) को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह किराए के गोदाम में यह अवैध काम चला रहा था और मजदूरों की मदद से बड़े पैमाने पर नकली टूथपेस्ट तैयार कर सप्लाई करता था.

पुलिस का कहना है कि इस तरह के नकली उत्पाद लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं, क्योंकि इनमें इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स का कोई मानक नहीं होता. फिलहाल पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

Back to top button