
RCB vs CSK: चिन्नास्वामी में RCB बनाम CSK की भिड़ंत, कौन किस पर भारी?
IPL 2026 RCB vs CSK: आईपीएल 2026 में 5 अप्रैल को डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। दिन के पहले मैच में हैदराबाद का सामना लखनऊ से होगा। और दूसरे मुकाबले में RCB और CSK की भिड़ंत होनी है।
IPL 2026 RCB vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 11वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से 5 अप्रैल को होगा RCB ने अपने इकलौते मैच में जीत दर्ज की है, जबकि CSK ने अपने दोनों मुकाबलों में शिकस्त झेली है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले अगले मैच में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
RCB vs CSK IPL 2026: कब, कहां और कैसे देखें मैच
दोनों टीमें स्टार खिलाड़ियों से भरी हैं और इस मैच को सीजन के बड़े मुकाबलों में गिना जा रहा है। यह मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस मैच शुरू होने से लगभग आधा घंटा पहले होगा। मुकाबले का आयोजन बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में किया जाएगा, जो हाई-स्कोरिंग मैचों के लिए जाना जाता है।
क्यों खास है यह मुकाबला
- RCB और CSK के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिलती है
- दोनों टीमों के पास मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप
- चिन्नास्वामी की पिच पर बड़े स्कोर की उम्मीद
- शुरुआती मैच होने के कारण पॉइंट्स टेबल पर असर
ऐसी हो सकती है RCB की प्लेइंग इलेवन
RCB के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने पहले मैच में अर्धशतक लगाकर अच्छी फॉर्म के संकेत दिए हैं। वह अपने जोड़ीदार फिल सॉल्ट के साथ RCB को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी अनुभवी भुवनेश्वर कुमार के कंधो पर होगी।
संभावित एकादश: विराट कोहली, फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, सुयश शर्मा।
इस संयोजन के साथ उतर सकती है CSK
CSK के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने दोनों मैचों में निराश किया है। उन्होंने अब तक 6 और 7 रन के स्कोर किए हैं। वह RCB के विरुद्ध होने वाले अगले मैच में हर हाल में फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। फिटनेस हासिल करने के लिए प्रयासरत धोनी का खेलना मुश्किल है।
संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, और खलील अहमद।
फैंस को इस मैच में बड़े शॉट्स, तेज रन और रोमांचक फिनिश की उम्मीद है। दोनों टीमें जीत के साथ सीजन में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी।





