UP News: मेरठ में भीषण हादसा, बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलटी

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ में सेंट मेरीज एकेडमी की एक स्कूल बस काली नदी के पास 15 फीट गहरी खाई में पलट गई। बस में 50-55 बच्चे सवार थे।

Meerut News : मेरठ के दौराला क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 10–12 फीट गहरी खाई में पलट गई। बस में करीब 50 से 55 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। बताया गया कि अझौता मोड़ पार करने के बाद अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस पलटते ही अंदर बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने देवदूत बनकर बचाई जान

बस के दरवाजे लॉक हो जाने के कारण बच्चे अंदर ही फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल ईंट और पत्थरों की मदद से बस के शीशे और खिड़कियां तोड़नी शुरू कीं। इसके बाद एक-एक करके रोते-बिलखते बच्चों को बाहर निकाला गया। बाहर निकाले जाने के बाद भी बच्चों के चेहरों पर खौफ साफ देखा जा सकता था।

बच्चों को मामूली चोटें और खरोंचें

बाहर भी बच्चे रोते-बिलखते रहे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। चोटिल बच्चों को पास के अस्पताल में भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश बच्चों को मामूली चोटें और खरोंचें आई हैं, जबकि 3-4 बच्चों को फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट होने के कारण निगरानी में रखा गया है।

ये भी पढ़े- Lucknow News: आशियाना में दिल दहला देने वाली वारदात, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म

जांच में जुटी पुलिस, बस कब्जे में

पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा किया और अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में हादसा तेज रफ्तार या स्टेयरिंग फेल होने के कारण बताया जा रहा है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या चालक के पास वैध लाइसेंस था और क्या बस का फिटनेस सर्टिफिकेट एक्सपायर तो नहीं हो गया था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर स्कूल प्रबंधन और बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े- मेरठ सेंट्रल मार्केट पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी कार्रवाई, 44 अवैध निर्माण सील…

Back to top button