
RR vs RCB: आज गुवाहाटी में ब्लॉकबस्टर मुकाबला, यशस्वी-वैभव बनेगें चुनौती
RR vs RCB Preview: यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी से मिल रही आक्रामक शुरूआत के साथ राजस्थान रॉयल्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ आईपीएल के मैच में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी।
IPL 2026 RR vs RCB Preview: आईपीएल 2026 का 16वां मुकाबला आज राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। सीजन की दो सबसे बेहतरीन फॉर्म वाली टीमें गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे भिड़ेंगी। जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
राजस्थान अपने शुरुआती तीन मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है। टीम को चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली हैं। वहीं दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स ने भी सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगातार दो जीत हासिल की हैं।
वैभव सूर्यवंशी की शुरुआत विस्फोटक
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी की शुरुआत बेहद विस्फोटक रही है। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने मात्र 17 गेंदों में 52 रन बनाकर 300 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। गुजरात के खिलाफ 18 गेंदों में 31 रन और मुंबई के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन बनाकर उन्होंने पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया। खास तौर पर मुंबई के खिलाफ पहले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह को दो छक्के जड़कर उन्होंने अपने आत्मविश्वास का परिचय दिया।
RR की आक्रामक ओपनिंग जोड़ी
राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी इस सीजन काफी खतरनाक नजर आ रही है और इसकी सबसे बड़ी वजह यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक ओपनिंग जोड़ी है। दोनों बल्लेबाज शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं, जिससे विपक्षी टीम पावरप्ले में ही बैकफुट पर चली जाती है। सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत उनका बेखौफ माइंडसेट है, जो पहली गेंद से ही बड़े शॉट खेलने से नहीं हिचकते।
वैभव सूर्यवंशी vs भुवनेश्वर कुमार
हालांकि आज की चुनौती उनके लिए थोड़ी अलग रहने वाली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु नई गेंद से भुवनेश्वर कुमार को उतार सकती है, जो गति से ज्यादा स्विंग और लाइन-लेंथ के लिए जाने जाते हैं। सूर्यवंशी अब तक तेज रफ्तार गेंदबाजों की गति का फायदा उठाकर रन बनाते दिखे हैं, लेकिन भुवनेश्वर की मूवमेंट उनके लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है।
बेंगलुरु के स्पिनर के सामने वैभव
पावरप्ले के बाद स्पिन भी अहम भूमिका निभा सकता है। बेंगलुरु के स्पिन विकल्प वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी पर ब्रेक लगाने की कोशिश करेंगे। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यवंशी स्पिन के खिलाफ भी उसी अंदाज में बल्लेबाजी जारी रख पाते हैं या नहीं।
ये भी पढ़े- KKR vs LSG: मुकुल चौधरी की घातक पारी के कायल हुए पंत, KKR के जबड़े से छीनी जीत
संतुलित नजर आ रही RCB
दूसरी ओर, बेंगलुरु की बल्लेबाजी भी संतुलित नजर आ रही है। अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम को मजबूती देती है और अगर गेंदबाज शुरुआती विकेट निकालने में सफल रहते हैं तो मुकाबला पूरी तरह बदल सकता है।
अब सबकी नजरें इसी बात पर टिकी हैं कि क्या 15 साल का यह युवा बल्लेबाज अपने आक्रामक अंदाज को बरकरार रखेगा या बेंगलुरु का गेंदबाजी अटैक उसके तूफान पर ब्रेक लगा देगा। गुवाहाटी में होने वाला यह मुकाबला पावरप्ले की इस जंग के कारण और भी रोमांचक होने वाला है।
ये भी पढ़े- DC vs GT: हार के बाद टूट गए डेविड मिलर, सपोर्ट में आए अक्षर पटेल…





