
बैडमिंटन मे चमका भारत का नया सितारा, आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 को रौंदा
Badminton Asia Championships: आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 कुनलावुत वितिदसरन को हराकर बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ उन्होंने सिल्वर मेडल पक्का कर लिया।
Badminton Asia Championships: भारत के स्टार युवा शटलर आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने चीन के निंगबो स्थित निंगबो ओलंपिक खेल केंद्र में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर-1 कुनलावुत विटिडसर्न को 10-21, 21-19, 21-17 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। करीब एक घंटे 15 मिनट तक चले इस मुकाबले में 25वीं रैंक के आयुष ने जबरदस्त जज्बा दिखाया।
पहले गेम में हार के बाद वापसी
आयुष को पहले गेम में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इसके बाद उन्होंने वापसी की और जीत हासिल की। 2023 वर्ल्ड जूनियर ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शेट्टी ने शुरुआती गलतियों से सीख लेते हुए अगले दो गेमों में थाईलैंड के खिलाड़ी को ज्यादा मौके नहीं दिए और ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट को मात दी।
दूसरी बार पुरुष सिंगल्स के फाइनल में कोई भारतीय
आयुष शेट्टी 2018 में एच. एस. प्रणय के बाद इस टूर्नामेंट में पदक पक्का करने वाले पहले भारतीय एकल पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। पुरुष सिंगल्स में आयुष से पहले दिनेश खन्ना ने 1965 में फाइनल में जगह बनाई थी। तब वह विजेता भी रहे थे। वह इस टूर्नामेंट में गोल्ड जीतने वाले एकमात्र भारतीय पुरुष खिलाड़ी भी हैं। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने 2023 में पुरुष डबल्स में गोल्ड जीता था। इस चैंपियनशिप में भारत के नाम अभी तक दो गोल्ड और 16 ब्रॉन्ज मेडल हैं।
टूर्नामेंट में भारत के अन्य स्टार खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पीवी सिंधू दूसरे दौर में बाहर हो गईं, जबकि लक्ष्य सेन पहले ही राउंड में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।





