Noida में नहीं थम रहा बवाल…कई जगह फिर पथराव और तोड़फोड़

Noida Workers Protest: नोएडा में श्रमिकों का वेतन वृद्धि को लेकर प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को सेक्टर 121 और नोएडा फेज-2 में हिंसक घटनाएं हुईं, जिसमें पत्थरबाजी भी शामिल है।

Noida Workers Protest: नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आक्रोशित श्रमिक उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दी गई राहत के बाद भी मान नहीं रहे हैं। न्यूनतम वेतन में वृद्धि के बावजूद लगातार दूसरे दिन नोएडा के कुछ इलाकों में श्रमिकों ने पथराव और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं को अंजाम दिया। इसके अलावा कई औद्योगिक इलाकों में फैक्ट्रियों के बाहर मजदूर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। तनाव के बीच अधिकतर औद्योगिक इकाइयों में कामकाज ठप है। पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी और अराजक तत्वों को खदेड़ते हुए प्रभावित क्षेत्रों को खाली कराया।

गढ़ी चौखंडी के पास छोड़े आंसु गैस के गोले

नोएडा के गढ़ी चौखंडी के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसु गैस के गोले छोड़ने के साथ ही पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की। इस बीच पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सोमवार को नोएडा में हुई हिंसा के संदर्भ में कुल सात मुकदमे दर्ज किए गए हैं। साथ ही, 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इन्हें उकसाने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। उन्हें भी आने वाले समय में गिरफ्तार किया जाएगा।

सेक्टर 70 में तोड़फोड़-पथराव

नोएडा में लगातार दूसरे दिन कई इलाकों में श्रमिक आंदोलन कर रहे हैं। कई जगहों पर श्रमिक हिंसक हो उठे। सेक्टर 70 में क्लियो काउंटी सोसाइटी के पास लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की है। पुलिस को भी निशाना बनाया गया है। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू किया।

सेक्टर 80 में भी उग्र हुए श्रमिक

सेक्टर 70 के अलावा सेक्टर 80 में भी सुबह लोग बेहद उग्र दिखे। सेक्टर 80 में कुछ फैक्ट्रियों के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने कानून को हाथ में लेने की कोशिश की। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिस ने स्थिति को ज्यादा बिगड़ने नहीं दिया।

ये भी पढ़े- ‘करप्शन करंट’ पर बड़ा झटका, बाराबंकी में रिश्वतखोरी पर गिरी गाज

मजदूरों से शांति की अपील और सरकारी कदम

मंत्री ने श्रमिकों से किसी भी तरह के बहकावे या उकसावे में न आने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ‘श्रमेव जयते’ के संकल्प के साथ सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. फिलहाल नोएडा में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारी सीधे मजदूरों से संवाद कर रहे हैं ताकि उनकी शिकायतों का निवारण किया जा सके. सरकार का जोर अब बातचीत के जरिए शांति बहाली पर है.

ये भी पढ़े- Noida Protest: बवाल के बाद योगी सरकार का बड़ा आदेश, मजदूरों की सैलरी में बढ़ोतरी

Back to top button