
IPL 2026: कंगाली में आटा गीला…, हार के बाद KKR के कप्तान को BCCI का झटका
IPL 2026 KKR vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में KKR की टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है. टीम के जीत का खाता नहीं खुल पाया लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना जरूर लग गया।
IPL 2026 KKR vs CSK: कंगाली में आटा गीला, ये लाइन आपने जरूर सुनी होगी। लेकिन अगर आपको इसके बारे में ज्यादा समझ नहीं आता है कि इसका मतलब क्या होता है तो आईपीएल में अजिंक्य रहाणे के साथ जो हुआ, उससे समझ में आ जाएगा। एक तो केकेआर की टीम अभी तक अपनी पहली जीत के लिए तरस रही है, वहीं टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर एक नया एक्शन ले लिया गया है, जो उनके लिए मुश्किल का सबब बन गया है।
BCCI ने ठोका जुर्माना
तीन बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स पर आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 का उल्लंघन करने का आरोप लगा. यह कप्तान रहाणे के नेतृत्व में टीम का इस सीजन का पहला अपराध था, इसलिए कप्तान पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया. कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन में धीमी ओवर गति के लिए दंडित होने वाली चौथी टीम बन गई है. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को पहले ही दो बार इसी अपराध के लिए जुर्माना लग चुका है, जबकि गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल और मुंबई इंडियंस के हार्दिक पंड्या पर एक-एक बार कार्रवाई हुई है.
CSK ने KKR को 32 रनों से हराया
मंगलवार को आईपीएल में केकेआर और सीएसके के बीच मैच खेला गया। इसमें केकेआर की टीम को 32 रनों से हार मिली है। सीएसके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन बनाए थे। यानी केकेआर को केवल 193 रन ही बनाने थे, लेकिन टीम वहां तक भी नहीं पहुंच पाई।
केकेआर की टीम अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है और अंक तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है, जिससे टीम पर दबाव साफ नजर आ रहा है। जब सीएसके की बैटिंग का आखिरी ओवर शुरू हुआ तो पता चला कि केकेआर की टीम स्लोओवर रेट में फंस गई है। अब आईपीएल ने एक्शन लेते हुए कप्तान रहाणे पर जुर्माना लगा दिया है।





