UP Politics: योगी सरकार में जल्द होगा विस्तार, 6 मंत्री बनेंगे, जातीय समीकरण पर फोकस

UP Politics: चुनावी वर्ष को देखते हुए अप्रैल में भाजपा उत्तर प्रदेश में बड़े बदलावों की तैयारी कर रही है। दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ बैठक की।

UP Politics: यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार और यूपी बीजेपी संगठन में बदलाव को लेकर गुरुवार देर रात तक अहम् बैठक हुई. इस बैठक में योगी कैबिनेट में छह नए चेहरों को शामिल करने और जातिगत समीकरण साधने के साथ ही यूपी बीजेपी की नई टीम को लेकर भी चर्चा हुई. कहा जा रहा है कि अगले 15 दिन में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है.

अप्रैल माह में भाजपा की प्रदेश इकाई में काफी हलचल देखी जा रही है। जहां एक ओर क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों का नाम तय करना है, वहीं निगम, आयोग एवं बोर्ड में समायोजन करना है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में ज्यादा चर्चा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर है।

दिल्ली में देर रात तक चली बैठक

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई यह बैठक देर रात तक जारी रही, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के रिपोर्ट कार्ड और आगामी चुनावी चुनौतियों पर गहन चर्चा की गई। गौरतलब है कि केंद्रीय दूत के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने हाल ही में (12-13 अप्रैल) लखनऊ का दौरा किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में रायशुमारी की थी। तावड़े की सौंपी गई विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर ही अब दिल्ली में अंतिम मुहर लगाने की तैयारी है।

सामाजिक समीकरण पर फोकस

बैठकों में कुर्मी, पासी, शाक्य और मौर्य समुदायों में आए असंतोष को दूर करने पर विशेष चर्चा हुई. इन समुदायों से नए चेहरों को मंत्रिमंडल और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं. साथ ही ब्राह्मण समुदाय में व्याप्त नाराजगी को शांत करने के लिए सवर्ण वर्ग की अधिक भागीदारी पर भी विचार चल रहा है.

वर्तमान में मंत्रिमंडल में छह पद खाली हैं. प्रस्ताव है कि इन पदों पर छह नए मंत्रियों को शामिल किया जाए. कुछ पुराने मंत्रियों को हटाकर उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं. इसके अलावा विभिन्न आयोगों और निगमों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां की जाएंगी.

6 नए मंत्रियों की हो सकती है एंट्री

वर्तमान संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, यूपी मंत्रिपरिषद में अभी भी 6 नए मंत्रियों की जगह रिक्त है। चर्चा है कि मंत्रिमंडल विस्तार में न केवल नए चेहरों को शामिल किया जाएगा, बल्कि खराब प्रदर्शन करने वाले कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही विभिन्न आयोगों और निगमों में खाली पड़े पदों पर भी कार्यकर्ताओं के समायोजन की सूची तैयार कर ली गई है।

दिल्ली में हुई इस बैठक के बाद माना जा रहा है कि अगले 15 दिनों के भीतर योगी मंत्रिमंडल का स्वरूप बदल सकता है। पार्टी का लक्ष्य ‘हैट्रिक’ लगाने के संकल्प के साथ एक ऐसी टीम तैयार करना है, जो क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ-साथ विकास के एजेंडे को भी मजबूती से आगे बढ़ा सके।

Back to top button