
गाजियाबाद में ‘बाबा साहेब’ का अपमान बना बवाल, प्रदर्शन हुआ हिंसक
Ghaziabad Violence: गाजियाबाद के इंद्रपुरी कॉलोनी में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद रविवार को इलाके में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया, सड़क जाम और पत्थरबाजी के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
प्रतिमा तोड़ने से भड़का आक्रोश
इंद्रपुरी कॉलोनी में बाबा साहब की प्रतिमा और पोस्टर क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही बसपा, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी सहित कई संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जाम लगा दिया और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गई। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सड़क जाम से घंटों प्रभावित रहा ट्रैफिक
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर वाहन खड़े कर दोनों लेन बंद कर दीं, जिससे लंबा जाम लग गया। आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली कमान
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति शांत करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही।
जनप्रतिनिधियों ने किया समझाने का प्रयास
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर और नगरपालिका चेयरमैन रंजीता धामा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम रहे।
पत्थरबाजी के बाद लाठीचार्ज
दोपहर बाद हालात बिगड़ गए जब कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान अफरातफरी मच गई, कई लोग घायल हुए और मौके पर खड़े वाहन छोड़कर भागना पड़ा।
नई प्रतिमा लगाने की प्रक्रिया शुरू
स्थिति को शांत करने के लिए प्रशासन ने नई प्रतिमा लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही बाबा साहब की प्रतिमा पुनः स्थापित की जाएगी, जिसके बाद माहौल धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।
यह भी पढ़े- लखनऊ अग्निकांड पर हाईकोर्ट सख्त, पूछा- PWD की जमीन पर कैसे होता रहा अतिक्रमण?
जांच के लिए तीन टीमें गठित
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन जांच टीमें गठित की हैं, जिनमें स्वाट टीम भी शामिल है। अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पूरे घटनाक्रम के पीछे साजिश की भी जांच की जा रही है।





