
नोएडा में इंसानियत दिखाना पड़ा महंगा, युवती को मिल रहे अश्लील मैसेज और धमकियां
UP News: नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी-2 इलाके में हुई एक घटना अब नया मोड़ ले चुकी है। मुस्लिम दंपती के साथ बदसलूकी का विरोध करने वाली युवती ने आरोप लगाया है कि उसे सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां और आपत्तिजनक संदेश मिल रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे एक युवक नशे की हालत में हाथ में बीयर की बोतल लेकर एक मुस्लिम दंपती से अभद्रता कर रहा था। वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से आईडी कार्ड मांग रहा था। मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
इसी दौरान वहां पहुंची एक युवती ने साहस दिखाते हुए युवक का विरोध किया और कहा कि इस तरह किसी से आईडी मांगना गलत है। युवती के हस्तक्षेप के बाद ही अन्य लोग भी बोलने लगे।
“मैंने अकेले विरोध किया” – युवती
युवती ने अपने वीडियो बयान में बताया कि उसने केवल पुलिस को सबूत देने के लिए वीडियो बनाया था, न कि सोशल मीडिया पर वायरल करने के लिए।
उसने कहा कि, “मैंने अकेले उस युवक का विरोध किया। बाद में और लोग भी सामने आए।”
अब मिल रही धमकियां और आपत्तिजनक मैसेज
घटना के बाद युवती ने आरोप लगाया कि उसे सोशल मीडिया पर लगातार गालियां, धमकियां और अभद्र संदेश भेजे जा रहे हैं।
उसके अनुसार:
- उसे “मुल्ली” और “मुस्लिम” कहकर ट्रोल किया जा रहा है
- उसके धर्म परिवर्तन को लेकर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं
- यहां तक कि उससे अश्लील तरीके से “रेट” तक पूछा जा रहा है
वीडियो में दिखा युवक, पहले ही हो चुका गिरफ्तार
इससे पहले वायरल वीडियो में आरोपी युवक खुलेआम बीयर पीते हुए महिला से आईडी मांगते नजर आया था। उसने धमकी दी थी कि आईडी न दिखाने पर जेल भेज देगा।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया था।
सवालों के घेरे में सोशल मीडिया ट्रोलिंग
यह मामला अब सिर्फ एक छेड़छाड़ की घटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है।
युवती का कहना है कि उसने इंसानियत के नाते मदद की, लेकिन अब वही निशाने पर है।





