
IPL 2026: तिलक वर्मा के तूफान में कई रिकॉर्ड ध्वस्त, बल्ले से मचाया बवंडर
Tilak Varma; GT vs MI IPL 2026: तिलक वर्मा ने अपनी पारी के दौरान एक खास मुकाम भी हासिल किया. तिलक अब मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं.
Tilak Varma; GT vs MI IPL 2026: तिलक वर्मा ने सोमवार को अपना पहला IPL शतक जड़ा. अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में वर्मा ने पारी की अंतिम गेंद पर चौका लगाकर अपनी सेंचुरी पूरी की, इससे पिछली गेंद पर छक्का जड़कर वह 97 पर पहुंचे थे. 45 गेंदों में 101 रन बनाकर तिलक ने इतिहास रचा, ये मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज द्वारा आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक है.
कई रिकॉर्ड हुए ध्वस्त
तिलक का यह शतक कई मायनों में खास रहा. यह न सिर्फ उनका आईपीएल में पहला शतक है, बल्कि मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतकों में भी शामिल हो गया. उन्होंने 45 गेंदों में सेंचुरी पूरी कर सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी की।
इससे पहले तिलक वर्मा का फॉर्म काफी खराब चल रहा था. आईपीएल 2026 में इस मैच से पहले उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 43 रन बनाए थे, लेकिन इस पारी ने उनकी वापसी का जोरदार ऐलान कर दिया. मुंबई की पारी को देखें तो शुरुआत धीमी रही, लेकिन आखिरी ओवर्स में टीम ने जबरदस्त वापसी की. आखिरी तीन ओवरों में 58 रन बने, जिसने स्कोर को 200 तक पहुंचा दिया.
तिलक वर्मा के आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 60 मैचों में 1643 रन बनाए हैं. वह एक शतक शतक के आलावा 8 अर्धशतक जड़ चुके हैं. वह 2022 से मुंबई इंडियंस के लिए ही खेल रहे हैं.
99 रनों से जीती MI
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए थे, जवाब में गुजरात टाइटंस 100 रनों पर ढेर हो गई. इम्पैक्ट प्लेयर बनकर आए अश्वनी कुमार ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 4 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह को भी जारी संस्करण का पहला विकेट मिला, उन्होंने 3 ओवरों में 15 रन दिए.





