
Pappu Yadav के अश्लील बयान पर मचा बवाल, महिला आयोग का नोटिस…
Pappu Yadav Notice: पप्पू यादव को जवाब देने के लिए तीन दिनों का समय दिया गया है. उनके विवादित बयान के मामले में बिहार राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है.
Pappu Yadav Notice: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ गईं हैं. बिहार राज्य महिला आयोग ने उनको उस वायरल वीडियो को लेकर नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्होंने महिलाओं को लेकर बेहद ही ओछी बयानबाजी की है. आयोग ने नोटिस जारी करते हुए उनकी लोकसभा सदस्यता को रद्द करने के लिए अनुशंसा करने तक की धमकी दी है.
महिला आयोग ने जारी किया नोटिस
बता दें कि पप्पू यादव ने राजनीति में आने वाली महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि राजनीति में आने वाली ज्यादातर महिलाओं को कंप्रोमाइज करना पड़ता है. इस बयान को लेकर बवाल शुरू हो गया. कई नेताओं ने पप्पू यादव के बयान की निंदा की है. वहीं इस बयान पर बिहार महिला आयोग ने भी नोटिस जारी कर दिया है. महिला आयोग ने अपने नोटिस में लिखा कि इस बयान से महिलाओं के आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. आयोग ने पप्पू यादव से तीन दिन में जवाब मांगा है.

बीजेपी प्रवक्ता ने दी प्रतिक्रिया
पप्पू यादव के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा है कि यह बेहद शर्मनाक बयान है. जब पूरा देश ‘नारी शक्ति’ को बढ़ावा दे रहा था, तब देखिए कांग्रेस समर्थित सांसद क्या कह रहे हैं. यही उनकी मानसिकता है. वे महिलाओं पर कैसे आरोप लगा रहे हैं.
इससे पहले पप्पू यादव ने महिला आरक्षण बिल का विरोध करते हुए सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और सभी विपक्षी नेताओं ने देश के लोकतंत्र को बचाया है. संविधान की रक्षा की है. गरीब, सामान्य वर्ग की महिलाओं और एससी, एसटी, ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की है. ये लोग इसे हमेशा के लिए खत्म करना चाहते थे। विपक्ष ने उनकी राजनीतिक स्वतंत्रता को बचाया.





