
UP Weather: लखनऊ में सूर्य का दिख रहा ‘रौद्र रूप, शनिवार को लू का यलो अलर्ट
UP Weather: राजधानी लखनऊ में तपिश का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 रहा।
UP Weather: गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जहाँ तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, जिससे सड़कें सुनसान हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में दुबके हैं और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। आज यानी शुक्रवार को सुबह ही शहर में 32 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन चढ़ने के साथ पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। सुबह से ही तेज धूप, बेहद कम आर्द्रता ने गर्मी बढ़ा दी है।
हल्की बारिश की संभावना
हवा की रफ्तार सिर्फ 5 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास है, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हो सकता है। नमी भी बेहद कम, सिर्फ 15 प्रतिशत दर्ज की गई है। कम नमी और तेज धूप मिलकर लखनऊ में तपिश को और बढ़ा रहे हैं।
शनिवार के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी और तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज होगी। हालांकि, अगले 3-4 दिनों तक लोगों को धूप से बचने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़े- कानपुर कोर्ट में सनसनी: PCSJ में असफलता और तनाव से जूझ रहे वकील का सुसाइड
प्रदूषण का भी असर दिखेगा
लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांक 156 दर्ज किया गया है, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि, यह स्थिति बेहद खतरनाक नहीं है, लेकिन गर्मी के साथ प्रदूषण का असर संवेदनशील लोगों, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ सकता है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचना चाहिए। पानी ज्यादा पीना, हल्के कपड़े पहनना और दोपहर के समय धूप से दूरी बनाकर रखना जरूरी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़े- Lakhimpur Kheri: मुंडन कराने जा रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत, कई घायल





