
UP News: कानपुर में दिनदहाड़े खूनी वारदात, महिला की हत्या कर लाखों लूटे
UP Crime News: कानपुर के केशवपुरम जैसे पॉश इलाके में कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला की हत्या कर लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
UP Crime News: कानपुर में सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. रिटायर्ड शिक्षक दवा लेने घर से बाहर निकले थे. उनकी पत्नी घर में अकेली थीं. तभी एक युवक घर में घुसा, महिला की बेरहमी से हत्या की और नकदी-जेवर समेटकर फरार हो गया. जब पति लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के पास लगे एक सीसीटीवी की फुटेज में 12 मिनट के भीतर गले में भगवा अंगौछा डाले संदिग्ध युवक और महिला आते व जाते दिखाई दी।
घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या
गुरुवार दोपहर पत्नी की तबीयत खराब होने पर हरेंद्र दवा लेने गए थे। करीब 40 मिनट बाद लौटे तो घर की अलमारियां खुली और सामान बिखरा मिला, जबकि निर्मला फर्श पर मृत पड़ी थीं। दिनदहाड़े हत्या की सूचना पर डीसीपी वेस्ट समेत कल्याणपुर पुलिस पहुंची।
पुलिस ने मृतका की पहचान कल्याणपुर स्थित आवास विकास की रहने वाली 53 वर्षीय निर्मला सिंह के रूप में की है. उनके पति हरेंद्र कुमार सिंह हाल ही में एक इंटर कॉलेज से रिटायर हुए थे. दंपति घर में अकेले रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियां शादीशुदा हैं. बेटा हैदराबाद में नौकरी करता है.
ये भी पढ़े- Lakhimpur Kheri: मुंडन कराने जा रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत, कई घायल
हर पहलू से की जा रही जांच
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. मौके से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है. पूछताछ के लिए घर की नौकरानी और एसी सर्विस के लिए आए दो मैकेनिकों को हिरासत में लिया गया है.
ये भी पढ़े- कानपुर कोर्ट में सनसनी: PCSJ में असफलता और तनाव से जूझ रहे वकील का सुसाइड
शुरुआती जानकारी में पता चला है कि वारदात से कुछ समय पहले ही नौकरानी घर से निकली थी और उसी दिन एसी की सर्विस भी कराई गई थी. पुलिस घर से जुड़े सभी लोगों की गतिविधियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द इस हत्या और लूट की घटना का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़े- UP News: मुरादाबाद में डबल मर्डर से हड़कंप! बेटी ने मां-भाई को सरिये से मार डाला





