गाजियाबाद: इंदिरापुरम की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, कई फ्लैट जलकर राख

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की एक ऊंची इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी साफ दिखाई दे रहा था।

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश):  इंदिरापुरम इलाके में बड़ा हादसा  

9वीं मंजिल से शुरू हुई आग ने ऊपर के फ्लैट्स को चपेट में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत सुबह करीब 8:30 बजे 9वीं मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट से हुई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपर की मंजिलों (10वीं, 11वीं और 12वीं) तक फैल गई। इस घटना में करीब 10 से 12 फ्लैटों को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है।

 

दमकल की 17 गाड़ियों ने पाया काबू, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 17 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हाइड्रोलिक मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग लगने के दौरान पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी सोसाइटी की बिजली काट दी गई, जिससे लिफ्ट बंद हो गई और लोग सीढ़ियों के जरिए भागने को मजबूर हुए।

शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि करोड़ों की संपत्ति जलकर खाक हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

 

Back to top button