
MI vs LSG: SKY के कप्तान बनते ही पलटी MI की किस्मत, रोहित शर्मा का दिखा रौद्र रूप
IPL 2026, MI vs LSG: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और रोहित शर्मा की 84 रनों की पारी ने MI को दिलाई धमाकेदार जीत।
IPL 2026, MI vs LSG: आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में कई बड़े बदलाव देखने को मिले. हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली और रोहित शर्मा ने अपने पुराने अंदाज में लौटते हुए तूफानी पारी खेली। टॉस से पहले जब सूर्या को टीम शीट के साथ मैदान में आते देखा गया तो साफ हो गया कि हार्दिक पंड्या इस मैच में नहीं खेलेंगे.
सूर्यकुमार यादव ने संभाली कमान, हार्दिक पांड्या बाहर
मैच की शुरुआत में ही फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर आई। टॉस के समय हार्दिक पांड्या की जगह सूर्यकुमार यादव मैदान पर उतरे। सूर्या ने बताया कि हार्दिक पांड्या की तबीयत ठीक नहीं है, जिसके कारण वह इस मैच का हिस्सा नहीं बन पाए। बतौर कप्तान सूर्या का यह फैसला टीम के लिए ‘लकी’ साबित हुआ।
रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन का ‘पावरप्ले’ धमाका
LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मुंबई इंडियंस को एक विस्फोटक शुरुआत की जरूरत थी। ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन ने लखनऊ के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं:
-
रियान रिकल्टन: 32 गेंदों पर 83 रन।
-
रोहित शर्मा: 44 गेंदों पर 84 रन (6 चौके और 7 छक्के)।
इन दोनों की 143 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप ने मैच को पूरी तरह से मुंबई की झोली में डाल दिया। रोहित शर्मा, जो पिछले कुछ समय से इंजरी और खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, उन्होंने कप्तानी बदलते ही अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं।
मुंबई इंडियंस की रिकॉर्ड जीत
मुंबई इंडियंस ने 229 रन बनाकर यह मैच 4 विकेट खोकर आसानी से जीत लिया। खास बात यह रही कि टीम ने 8 गेंद शेष रहते ही इस बड़े लक्ष्य को हासिल कर लिया। यह मुंबई इंडियंस के आईपीएल इतिहास का सबसे सफल रन चेज भी माना जा रहा है।
क्या मुंबई इंडियंस में सब ठीक है?
इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फैंस सवाल उठा रहे हैं कि हार्दिक पांड्या के बाहर होते ही रोहित शर्मा की फॉर्म कैसे वापस आ गई और टीम अचानक इतनी एकजुट कैसे दिखने लगी? हालांकि, जीत के बावजूद मुंबई के लिए प्लेऑफ की राह अभी भी कठिन है क्योंकि टीम पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है।





