
DC vs CSK: सैमसन शो में उड़ी दिल्ली! प्लेऑफ रेस में मचाया हड़कंप…
Sanju Samson, CSK vs DC IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की। सीएसके को दिल्ली के मैदान पर 156 रनों का लक्ष्य मिला।
Sanju Samson, CSK vs DC IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स ने अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। सीएसके की जीत के हीरो एक बार फिर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन रहे। सैमसन ने 52 गेंदों पर 87 रन की नाबाद पारी खेल टीम को जीत दिलायी और प्लेऑफ खेलने की संभावना बरकरार रखी। सैमसन को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तोड़ दिया क्रिस गेल का रिकॉर्ड
संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस सीजन के दो मैचों में कुल 202 रन (115 और 87) ठोक दिए हैं. आईपीएल के 19 सालों के सफर में वह एक सीजन में किसी एक टीम के खिलाफ 200 से ज्यादा रन बनाने वाले महज तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह कारनामा केवल विराट कोहली (बनाम गुजरात लायंस, 2016) और केएल राहुल (बनाम मुंबई इंडियंस, 2022) ही कर पाए थे. उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है.
संजू ने खेली 87 रनों की नाबाद पारी
संजू ने 52 गेंदों में 87 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 6 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके शामिल रहे. दूसरे छोर पर युवा कार्तिक शर्मा ने संजू का बखूबी साथ निभाया और 31 गेंदों में 41 रन बनाए. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 114 रनों की अटूट साझेदारी ने दिल्ली के गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए और चेन्नई ने 17.3 ओवर में ही मैच जीत लिया.
रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस
इस धमाकेदार जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूती से जिंदा रखा है. 10 मैचों में 5 जीत के साथ सीएसके अब पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं; 10 में से 6 मैच हारने के बाद यह टीम सातवें पायदान पर खिसक गई है।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (6) और उर्विल पटेल (1) जल्दी पवेलियन लौट गए. 45 रन पर 2 विकेट गिर जाने के बाद ऐसा लगा कि दिल्ली मैच में वापसी करेगी, लेकिन फिर शुरू हुआ संजू सैमसन और कार्तिक शर्मा का तूफान.





