
Kanpur: रेलिंग तोड़कर रामगंगा नहर में गिरी बस, 40 से ज्यादा लोग थे सवार
Kanpur Bus Fell In Canal: कानपुर में गुरुवार सुबह एक निजी बस रामगंगा नहर की रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
Kanpur Bus Fell In Canal: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सवारियों से खचाखच भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए रामगंगा नहर में पलट गई। हादसे के वक्त बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं और राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू किए गए लोग
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ लग गई। गनीमत रही कि अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं आई है।
बता दें कि ये बस, Trident कंपनी के कर्मचारियों को लेकर कुढ़नी से रनियां जा रही थी। बस में सवार क्लीनर समेत सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। ये घटना बिधनू थानाक्षेत्र के बिधनू रामगंगा नहर पुल का है।
रेलिंग तोड़कर नहर में समाई बस
गौरतलब है कि ये हादसा इतना भयानक था कि बस ने पहले डंपर से टक्कर के बाद सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ा और फिर सीधे नहर में समा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल के पास मौजूद लोग तुरंत मदद करने के लिए दौड़ पड़े।
ड्राइवर के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
फिलहाल, इस दुर्घटना के कारणों की जांच की बात कही जा रही है। शुरुआती आशंका है कि बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी हॉस्पिटल में भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।





