
Lucknow News: गोमतीनगर में बड़ी वारदात, रिटायर्ड अफसर के घर से 1 करोड़ की चोरी
Lucknow Crime News: लखनऊ के गोमतीनगर (विराज खंड) में रिटायर्ड एडिशनल डायरेक्टर के घर से 1 करोड़ की बड़ी चोरी। चोरों ने जेवर, कैश और पुराने सिक्कों पर हाथ साफ किया।
Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला इलाका ‘गोमतीनगर’ बदमाशों के निशाने पर है। गोमतीनगर के विभूतिखंड क्षेत्र (विराज खंड-1) में चोरों ने एक रिटायर्ड एडिशनल डायरेक्टर के बंद मकान को निशाना बनाया और करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और बेशकीमती पुराने नोटों का कलेक्शन लेकर फरार हो गए। पुलिस और STF जांच में जुटी।
उत्तराखंड गया था परिवार
विराज खंड-1 निवासी ओमप्रकाश मिश्रा, जो अभियोजन विभाग से रिटायर्ड एडिशनल डायरेक्टर हैं, शनिवार को अपने परिवार के साथ बेटों से मिलने उत्तराखंड गए थे। बुधवार तड़के जब परिवार घर लौटा, तो मुख्य द्वार बाहर से बंद था, लेकिन अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
चोरों ने साइड एंट्री वाले दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर के भीतर अलमारियों के लॉकर टूटे मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने सिर्फ उन्हीं कमरों को निशाना बनाया जहाँ कीमती सामान रखा था।
ये भी पढ़े- UP News: मेरठ में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, शादाब जकाती का शोरूम भी बंद
1 करोड़ के जेवर के साथ ‘यादें’ भी ले गए चोर
ओमप्रकाश मिश्रा को पुराने और दुर्लभ नोटों व सिक्कों को जमा करने का शौक था। चोरों ने न केवल 1 करोड़ के गहने और कैश चोरी किए, बल्कि उनके वर्षों पुराने सिक्कों और नोटों के कलेक्शन पर भी हाथ साफ कर दिया। इस दुर्लभ कलेक्शन की बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
ये भी पढ़े- Kanpur: रेलिंग तोड़कर रामगंगा नहर में गिरी बस, 40 से ज्यादा लोग थे सवार
घटनास्थल पर मिला ‘बीड़ी का बंडल’
वारदात की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से बीड़ी का एक बंडल मिला है। पुलिस को संदेह है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी। चूंकि चोर सीधे उन्हीं कमरों तक पहुंचे जहाँ जेवर थे, इसलिए पुलिस को अंदेशा है कि इसमें किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे घर के अंदर की पूरी जानकारी थी।
पास में चल रहे कंस्ट्रक्शन साइट के मजदूरों और हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े- UP News: जिम में ‘पावर ड्रिंक’ का खेल, नशा देकर महिला डॉक्टर से किया दुष्कर्म
STF और फॉरेंसिक टीम ने संभाली कमान
चोरी की इस बड़ी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ (STF) और क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुट गई हैं। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को शक है कि चोर रेलवे ट्रैक के रास्ते फरार हुए होंगे।





