
लखनऊ में रिश्तों का खूनी खेल, मां के अफेयर से नाराज बेटे ने की हत्या
Lucknow Crime News: लखनऊ में पीजीआई संविदाकर्मी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी बेटे ने अपनी मां के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में पीजीआई (PGI) के संविदाकर्मी सूरज की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। सूरज की बेरहमी से हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसकी महिला मित्र का बेटा ही निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ उसके एक नाबालिग सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला? (Murder Case Details)
9 मई को बिजनौर इलाके में शहीद पथ के पास सूरज का शव मिला था। सूरज पीजीआई में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की मां और सूरज के बीच पिछले 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी बेटे को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। करीब दो महीने पहले उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उसने सूरज को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
साजिश और वारदात (Lucknow PGI Worker Murder)
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के अनुसार, आरोपी ने अपने एक नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या का प्लान बनाया। 8 मई की रात, उन्होंने सूरज को शराब पीने के बहाने बुलाया। उसे गांव के बाहर एक खाली प्लॉट में ले जाकर अधिक शराब पिलाई गई। जब सूरज नशे में धुत हो गया, तो आरोपियों ने चापड़ और ईंट से उसके चेहरे और सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
ये भी पढ़े- जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप… कई घायल; गांव बना पुलिस छावनी
सबूत मिटाने की कोशिश और पुलिस की कार्रवाई
हत्या के बाद आरोपी सूरज का मोबाइल लेकर फरार हो गए और अपने खून से सने कपड़े धोकर एक शादी समारोह में शामिल हो गए ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुँच गई। पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़, खून से सनी ईंट, मृतक का आईफोन (iPhone) बरामद किया है।
मुख्य आरोपी और सहयोगी की पहचान
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी लखनऊ के एक मॉल में स्वीपर का काम करता है, जबकि उसका सहयोगी (नाबालिग) नौवीं कक्षा का छात्र है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।’
ये भी पढ़े- हरियाणा सड़क हादसे में लखनऊ के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम…





