
Aligarh में बड़ा हादसा: स्कूली बच्चों से भरी बस खाई में पलटी, कई घायल
School Bus Accident: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़-हाथरस सीमा पर स्थित गंगीरी थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में सात से आठ बच्चे घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई बच्चे बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने बस की खिड़कियां तोड़ दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ यूनिवर्सिटी में लागू हुए 5-डे वर्किंग पॉलिसी, इतने बजे तक खुले रहेंगे विभाग
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायल बच्चों को पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ बच्चों को घर भेज दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के अस्पताल में रेफर किया गया है।
इस मामले में अलीगढ़ के एसपी ग्रामीण Manish Kumar Mishra ने बताया कि दुर्घटना में करीब सात से आठ बच्चे घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोट आई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें…
Prateek Yadav Funeral: प्रतीक यादव का शव श्मशान घाट के लिए रवाना, समर्थकों की भारी भीड़
प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस की गति अधिक तो नहीं थी या वाहन में कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी। प्रशासन ने स्कूल बस की फिटनेस और चालक के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें…





