Gorakhpur में बेअसर रही PM मोदी की अपील, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़…

PM Modi Appeal: पश्चिम एशिया में जारी संकट और बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने, कारपूलिंग अपनाने और सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा उपयोग करने की अपील की है। लेकिन गोरखपुर में इस अपील का फिलहाल कोई बड़ा असर नजर नहीं आ रहा। शहर के पेट्रोल पंपों पर पहले की तरह भीड़ बनी हुई है और लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सामान्य तरीके से ईंधन भरवा रहे हैं।

लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नौकरी, व्यापार और परिवार की जिम्मेदारियों के चलते वे वाहन का इस्तेमाल कम नहीं कर सकते। लोगों का कहना है कि जब तक सार्वजनिक परिवहन मजबूत नहीं होगा और नेताओं द्वारा खुद उदाहरण पेश नहीं किया जाएगा, तब तक आम जनता के लिए ऐसी अपीलों का पालन करना आसान नहीं है।

ट्रांसपोर्ट नगर पेट्रोल पंप पर सुबह से लगी कतारें
गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर सुबह से ही बाइक और कारों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए सामान्य दिनों की तरह पेट्रोल भरवाते नजर आए। कई लोगों ने कहा कि बाजार में अफवाहें भी फैल रही हैं कि आने वाले दिनों में तेल महंगा हो सकता है या सप्लाई प्रभावित हो सकती है, इसलिए लोग टैंक फुल करा रहे हैं। देश के कई शहरों में भी पेट्रोल-डीजल की बिक्री बढ़ने की खबरें सामने आई हैं।

पादरी बाजार से पहुंचे एक युवक ने बताया,
“मेरे इलाके में लोग कह रहे थे कि आज तेल नहीं मिलेगा। मैं काम से ट्रांसपोर्ट नगर आया था, तो यहीं पेट्रोल भरवा लिया।”

“ऑफिस और ड्यूटी छोड़ दें क्या?”
पेट्रोल पंप पर मौजूद कई वाहन चालकों ने कहा कि सरकार की अपील अपनी जगह ठीक है, लेकिन आम आदमी के सामने रोज कमाने-खाने की मजबूरी है। एक युवक ने कहा,
“अगर बाइक न चलाएं तो ऑफिस कैसे जाएंगे? हर जगह मेट्रो या बस की सुविधा नहीं है।”

एक अन्य वाहन चालक ने कहा कि नेताओं और अधिकारियों को पहले खुद अपने काफिले और फिजूल खर्च कम करने चाहिए।
“जब बड़े नेताओं के लंबे काफिले निकलते हैं, तब कोई बचत याद नहीं आती। आम आदमी से ही हमेशा त्याग की उम्मीद क्यों?”

प्रधानमंत्री की अपील के बाद विपक्ष ने भी यही सवाल उठाए हैं। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने कहा कि सरकार पहले खुद खर्चों में कटौती करे और नेताओं के बड़े काफिलों पर रोक लगाए।

यह भी पढ़ें…

समय पर नहीं हो पाएंगे पंचायत चुनाव? प्रधान संघ ने CM को भेजा ज्ञापन…

सरकार ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री की अपील भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए ऊर्जा बचत के लिए है, न कि किसी तत्काल संकट का संकेत।

हालांकि, बढ़ती अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी तनाव के कारण लोगों में चिंता जरूर बढ़ी है। इसी वजह से कई शहरों में लोग सामान्य से ज्यादा ईंधन खरीदते दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव, ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी मुखाग्नि…

नेताओं पर भी उठ रहे सवाल
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद कई राज्यों में नेताओं के बड़े काफिलों और सरकारी खर्चों को लेकर बहस तेज हो गई है। कुछ नेताओं ने इलेक्ट्रिक वाहन और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की कोशिश की, जबकि कई जगह बड़े काफिलों की तस्वीरें वायरल होने के बाद सवाल उठे।

गोरखपुर में भी लोगों का साफ कहना है कि ईंधन बचत की मुहिम तभी सफल होगी, जब सरकार और नेता खुद इसका उदाहरण पेश करेंगे। फिलहाल शहर में आम लोगों की प्राथमिकता रोजमर्रा का काम और नौकरी है, इसलिए पेट्रोल पंपों पर भीड़ पहले जैसी ही बनी हुई है।

यह भी पढ़ें…

दिल्ली-लखनऊ वालों के लिए खुशखबरी! नए एक्सप्रेसवे से घटेगा नैनीताल का सफर…

Back to top button