
Gorakhpur में प्यार की अनोखी मिसाल, ICU में भर्ती दुल्हन की दूल्हे ने भरी मांग…
Gorakhpur News: गोरखपुर में प्यार, भरोसे और रिश्ते की मजबूती की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। शादी के दिन हादसे में घायल होकर ICU पहुंची दुल्हन को दूल्हे ने छोड़ने के बजाय अस्पताल पहुंचकर जीवनसाथी बना लिया। दूल्हा बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों की मौजूदगी में ICU में ही दुल्हन की मांग भर दी।
शादी वाले दिन हुआ हादसा
गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महुआ निवासी सन्नी यादव से 13 मई 2026 को तय थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दोनों परिवार खुशी के माहौल में थे।
बताया गया कि शादी वाले दिन पूजा एलएलबी की परीक्षा देकर अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसे चक्कर आ गया और वह बाइक से गिर गई। हादसे में पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन तुरंत उसे शहर के एक निजी अस्पताल ‘आर्यन हॉस्पिटल’ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे ICU में भर्ती कर लिया।
दूल्हे ने नहीं छोड़ा साथ
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि काफी विचार-विमर्श के बाद परिवारों ने शादी टालने के बजाय तय समय पर ही विवाह कराने का फैसला किया।
इसके बाद दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल परिसर में रिश्तेदारों और परिवार के लोगों की मौजूदगी में सादगी से शादी की रस्में पूरी की गईं।
रात करीब 1 बजे डॉक्टरों की अनुमति और निगरानी में ICU में भर्ती पूजा की मांग में सन्नी ने सिंदूर भरा और उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में बदलेगा ‘राम भवन’ का स्वरूप, VHP ने शुरू की तैयारी…
भावुक कर देने वाला दृश्य
ICU में हुई इस अनोखी शादी को देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। अस्पताल स्टाफ, डॉक्टरों और परिजनों ने भी इस रिश्ते की मजबूती की सराहना की। कई लोगों ने इसे सच्चे प्रेम और साथ निभाने का उदाहरण बताया।
सोशल मीडिया पर भी इस घटना की चर्चा तेज हो गई है। लोग दूल्हे के फैसले की तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि रिश्ते सिर्फ खुशियों में नहीं, मुश्किल वक्त में निभाने से मजबूत होते हैं।
यह भी पढ़ें…
Gorakhpur में बेअसर रही PM मोदी की अपील, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़…
दुल्हन की हालत स्थिर
डॉक्टरों के मुताबिक पूजा की हालत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। परिवार को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेगी।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सच्चा रिश्ता परिस्थितियों का मोहताज नहीं होता, बल्कि भरोसे और साथ निभाने के वादे पर टिकता है।
यह भी पढ़ें…





